Mahendragarh-narnaul News:गांजा बरामदगी मामले में आरोपी को मिली जमानत – Accused Granted Bail In Cannabis Seizure Case
नारनौल। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत ने एनडीपीएस मामले में आरोपी मंगल चौहान उर्फ चिराग की नियमित जमानत याचिका मंजूर कर ली है। अदालत ने कहा कि आरोपी से बरामद गांजे की मात्रा 1 किलो 193 ग्राम है जो मध्यम श्रेणी में आती है। इसलिए इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 37 के कड़े प्रतिबंध लागू नहीं होते।
जानकारी के अनुसार, 6 अक्तूबर को थाना सिटी पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि मंगल चौहान नशीले पदार्थ बेचने का काम करता है। पुलिस ने छोटा-बड़ा तालाब के पास छापेमारी कर उसे एक बैग सहित पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बैग से 1 किलो 193 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील ने आरोपी को झूठा फंसाने और जांच पूरी होने का तर्क देते हुए जमानत मांगी। वहीं, सरकारी वकील ने आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का हवाला देकर जमानत का विरोध किया।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने माना कि जांच पूरी हो चुकी है और मुकदमे के निपटारे में समय लग सकता है। इसके बाद अदालत ने गुण-दोष पर कोई टिप्पणी किए बिना 50 हजार रुपये के मुचलके और इतनी ही राशि के जमानतदार पर आरोपी को जमानत दे दी।
