Mahoba News:दबंगों ने पिता-पुत्र समेत चार को पीटा, 15 पर प्राथमिकी – Strongmen Beat Up Four People, Including A Father And Son; Fir Registered Against 15
महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर दबंगों ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली कुलपहाड़ के बागौल निवासी अरिमर्दन सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह झांसी के मऊरानीपुर से बहन के घर से गांव लौट रहा था। शाम को बागौल तिराहा में उतरने के बाद उसने बेटे संजय को बुलाया। जैसे ही दोनों बाइक से घर के निकले तभी रानी तलैया के पास स्कॉर्पियो सवार गांव के ही सतेंद्र, पवन, फूल सिंह, उसका बेटा नरसिंह व मधुवन ने रोक लिया। सभी ने पिता-पुत्र पर लोहे की रॉड, डंडा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे दोनों घायल हो गए।
बेटे को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। पुलिस ने पिता-पुत्रों समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं थाना पनवाड़ी के नगाराघाट निवासी राहुल राजपूत ने बताया कि दो नवंबर को वह व उसका भाई खेत सिंह कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने गौनगुढ़ा गांव में अज्जू राजपूत के यहां गया था। रात एक बजे थाना अजनर के सगुनिया निवासी अंकित चार-पांच अन्य साथियों के साथ शराब के नशे में आया और विवाद करने लगे। विरोध करने पर अंकित, उमाशंकर, धीरेंद्र, संदीप, विक्रम व पांच अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर मारपीट की। आरोप लगाया कि इस दौरान बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
