Mirzapur News:238 एकड़ की झिंगुरा हवाई पट्टी पर कब्जे के बाद की जा रही खेती, पंचायत भवन भी बनाया – Farming Is Being Carried Out On The 238-acre Jhingura Airstrip Following Its Encroachment; A Panchayat Building Has Also Been Constructed There
विकास प्रताप सिंह/ विकास शुक्ला
सिटी/पड़री। अवैध कब्जे के कारण जिला मुख्यालय से नौ किलोमीटर दूर स्थित झिंगुरा हवाई पट्टी का अस्तित्व धीरे-धीरे मिटता जा रहा है। कभी देश के प्रमुख नेताओं और वीवीआईपी के विमानों की आवाजाही का गवाह रहा यह हवाई पट्टी आज बदहाली की मार झेल रही है।
रक्षा मंत्रालय की करीब 238 एकड़ जमीन पर बनी इस हवाई पट्टी के बड़े हिस्से पर आसपास के चार-पांच गांवों के लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। कहीं खेती-बाड़ी हो रही है तो कहीं मकान और पंचायत भवन तक बना दिए गए हैं। करीब ढाई किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में बदल चुकी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वाराणसी और प्रयागराज के बीच स्थित हवाई पट्टी का निर्माण वर्ष 1948 में कराया गया था।आजादी के बाद यहां पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी समेत कई प्रमुख हस्तियों के विमान उतरा करते थे।
ग्रामीण बताते हैं कि इंदिरा गांधी पांच विमानों के बेड़े के साथ यहां पहुंची थीं। शहर के जीआईसी इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। ग्रामीणों का आरोप है कि महेवा, मुल्हवा, भवनकेपूरा, पटिया और अकसौली समेत आसपास के गांवों के लोगों ने सेना की जमीन पर कब्जा कर खेती शुरू कर दी है।
कब्जे का यह आलम यह है कि कई स्थानों पर पक्के मकान भी बन गए हैं। मुल्हवा गांव में सरकारी ग्राम सचिवालय यानी पंचायत भवन भी सेना की जमीन पर बने होने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि छह महीने पहले जमीन खाली कराने के लिए नोटिस भी दिया गया था, लेकिन अब तक कब्जे हटाने की प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
वर्ष 1991 में संसद की एक समिति की रिपोर्ट में इसे परित्यक्त हवाई पट्टियों में शामिल किए जाने की बात सामने आई थी। वर्ष 2014 में सेना की ओर से अतिक्रमण हटाने की पहल भी हुई थी। मई 2025 में रक्षा संपदा कार्यालय की टीम ने सैन्य भूमि के सर्वे की तैयारी की थी।
बावजूद आज तक जमीन की वास्तविक स्थिति और सुरक्षित हिस्से को लेकर तस्वीर स्पष्ट नहीं हो सकी है। अब सवाल यह है कि ऐतिहासिक महत्व की इस जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और हवाई पट्टी के फिर से उपयोग के लिए जिम्मेदार विभाग कब कदम उठाएंगे। (संवाद)

पड़री बाजार में सेना पड़ाव की जमीन पर बने मकान संवाद

पड़री बाजार में सेना पड़ाव की जमीन पर बने मकान संवाद
