Mainpuri News:आलू की नहीं मिली कीमत, कोल्ड स्टोरेज से नहीं निकले लाखों पैकेट – Potatoes Fetch No Price; Hundreds Of Thousands Of Packets Remain In Cold Storage
मैनपुरी। बाजार में आलू का उचित भाव नहीं मिलने से किसानों ने कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालना बंद कर दिया है। कम कीमत के चलते किसान आलू बेचने के बजाय भंडारण में ही छोड़ रहे हैं। इससे संचालकों की परेशानी भी बढ़ गई है। आलू न निकलने से सफाई, रखरखाव और आगामी सीजन की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं।
जिले में 70 से अधिक कोल्ड स्टोरेज हैं। इनमें अभी करीब 20 से 25 प्रतिशत आलू भंडारित है। अनुमान के मुताबिक आठ से दस लाख पैकेट आलू अभी कोल्ड स्टोरेज में है। कोल्ड स्टोरेज संचालक पीयूष चंदेल ने बताया कि एक सीजन में आलू भंडारित करने का किराया करीब 150 रुपये प्रति पैकेट है। भंडारित आलू 30 नवंबर तक निकाल लिया जाना चाहिए था लेकिन सफेद आलू 100 से 150 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है, जिससे किसान इसे लेने नहीं पहुंच रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। आलू खराब होने पर उसे डंप करने की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में खराब आलू को फेंकने की समस्या खड़ी हो सकती है।
मुनीम जी कोल्ड स्टोरेज के संचालक प्रशांत दीक्षित ने बताया कि जिले के अधिकतर कोल्ड स्टोरेज में अभी 20 से 25 प्रतिशत आलू भंडारित है। उनके यहां भी करीब 30 से 35 हजार पैकेट आलू रखा हुआ है। नवंबर तक आलू निकलने के बाद कोल्ड स्टोरेज की सफाई और मेंटेनेंस का काम शुरू होना था लेकिन आलू न निकलने से काम अटका हुआ है। फरवरी में नया आलू आने लगेगा ऐसे में पुराने आलू के भंडारित रहने से कोल्ड स्टोरेज संचालकों के सामने संकट बढ़ता जा रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी शिव सेवक पांडे ने बताया कि आलू किसानों को फायदा देने के लिए 100 रुपये प्रति क्विंटल किराए में छूट दी जा रही है। किसान बाजार में सही दाम न मिल पाने के कारण आलू निकाल नहीं रहे हैं। हालांकि अभी तक करीब 9000 किसानों ने आवेदन किया है। 30 नवंबर तक सभी आलू निकाल जाएंगे।
