मैनपुरी। ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए ग्राम पंचायतों में पानी की निकासी के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए जिला विकास अधिकारी ने सभी ग्राम पंचायत सचिवों से प्रस्ताव मांगे हैं। इनके आधार पर जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
जिला विकास अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि गांवों में नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने और उनकी नियमित सफाई न होने से कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी रहती है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई जगह गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। इन समस्याओं को देखते हुए ग्राम पंचायत सचिवों को अपने-अपने क्षेत्रों में जल निकासी की जरूरत वाले स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। सचिवों से नाली निर्माण, मरम्मत और पानी की निकासी के अन्य जरूरी कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
प्रस्ताव आने के बाद कराए जाएंगे कार्य
जिला विकास अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि प्रस्ताव मिलने के बाद प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएंगे, ताकि गांवों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके। जिला विकास अधिकारी ने ग्रामीणों से भी नालियाें में गंदगी न डालने की अपील की है।