रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:जिला अस्पताल में ठंड से बचाव के इंतजाम ठंडे – Measures To Protect Against The Cold At The District Hospital Fall Short

November 28, 2026


रामपुर। मौसम में बदलाव के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है लेकिन जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को ठंड से बचाने के इंतजाम नाकाफी नजर आ रहे हैं। अस्पताल में मरीजों को दिए जा रहे हल्के कंबल ठंड रोकने में बेअसर साबित हो रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि कई मरीजों के तीमारदारों को घर से रजाई और कंबल मंगवाने पड़ रहे हैं।

शनिवार की रात जिला अस्पताल की पड़ताल में सामने आया कि अभी तक वार्डों में हीटर भी शुरू नहीं किए गए हैं। मरीजों को ठंड से बचाने के लिए अस्पताल की ओर से जो कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं, उनसे रात में राहत नहीं मिल पा रही है। भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों की परेशानी बढ़ रही है। तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल के स्टाफ से कंबलों की गुणवत्ता और ठंड से बचाव को लेकर शिकायत की जाती है तो जवाब मिलता है कि शासन से जैसे कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं, वही मरीजों को दिए जा रहे हैं। ऐसे में मरीजों के सामने ठंड से बचने के लिए अपने घरों से गर्म कपड़े और रजाई मंगवाने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बच रहा है। मौसम में लगातार गिरावट के बीच अस्पताल प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं।

वर्ज

मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया है। रात में ठंड महसूस होती है। अस्पताल से जो कंबल मिला है, वह बहुत हल्का है। उसे ओढ़ने के बाद भी ठंड से राहत नहीं मिलती। मजबूरी में घर से रजाई मंगवानी पड़ी है। अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए गर्म कंबलों की व्यवस्था होनी चाहिए। -मुन्तियाज, नसीमगंज

अस्पताल में मरीज का इलाज कराने आए हैं, लेकिन ठंड से बचाव की व्यवस्था ठीक नहीं है। कंबल इतना हल्का है कि उससे ठंड नहीं रुकती। रात में मरीज को परेशानी होती है। स्टाफ से कहने पर बताया जाता है कि जो कंबल मिल रहे हैं, वही दिए जा रहे हैं। -अख्तियार, खबड़िया

मौसम बदलने के साथ ठंड बढ़ रही है। अस्पताल के वार्ड में अभी हीटर भी नहीं चल रहे हैं। मरीज पहले से बीमार है, ऐसे में ठंड से उसकी परेशानी बढ़ सकती है। अस्पताल प्रशासन को ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त कंबल और हीटर की व्यवस्था करनी चाहिए। -अरविंद यादव, मिलक चिकना

अस्पताल में भर्ती मरीज को रात में ठंड लगती है। यहां मिलने वाला कंबल पर्याप्त गर्म नहीं है। घर से गर्म कंबल लाने पड़े हैं। गरीब परिवारों के लिए बार-बार घर से सामान मंगवाना भी आसान नहीं है। अस्पताल में मरीजों को ठंड से बचाव की बेहतर सुविधा मिलनी चाहिए। -अरजेश, फैजनगर

मरीजों को शासन से उपलब्ध कराए गए कंबल ही वितरित किए जा रहे हैं। ठंड को देखते हुए मरीजों की सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। वार्डों में हीटर शुरू कराने और मरीजों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। अस्पताल में 82 हीटरों का प्रबंध किया गया है। जल्द ही सभी वार्डों में हीटर लगवा दिए जाएंगे। – डॉ. बीसी सक्सेना, सीएमएस

भर्ती मरीजों को शासन से आए कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही अगर कोई मरीज मांग करता है तो उसे दो कंबल भी दिए जाते हैं। महिला अस्पताल के सभी वार्डों में 14 हीटर लगाए जा रहे हैं। भर्ती मरीजों को ठंड से बचाने के लिए अर संभव प्रयास किया जा रहा है। – डॉ. अनवर सादात, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X