रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Mandi News:फूलों से सजे रथ में विराजे साईं बाबा – Sai Baba Seated In A Chariot Adorned With Flowers
मंडी

Mandi News:फूलों से सजे रथ में विराजे साईं बाबा – Sai Baba Seated In A Chariot Adorned With Flowers

November 22, 2026


Sai Baba seated in a chariot adorned with flowers

जोगिंद्रनगर शहर में आकर्षक रथ में सत्य साईं बाबा की आकर्षक झांकियां और पालकी के साथ झूमती महिला

जोगिंद्रनगर (मंडी)। साईं बाबा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जोगिंद्रनगर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रंग-बिरंगे फूलों से सजे रथ में साईं बाबा की प्रतिमा विराजमान की गई। ढोल-नगाड़ों की थाप, भजनों और साईं राम के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

शनिवार दोपहर बाद शहर के सनातन धर्मसभा मंदिर में श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया था। शाम करीब चार बजे साईं बाबा की पालकी और रथ को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। बाबा की प्रतिमा को सुंदर वस्त्र पहनाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भजन-कीर्तन के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा लक्ष्मी बाजार, पुलिस थाना, गांधी चौक और बस स्टैंड से होकर गुजरी। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पालकी पर फूल बरसाकर स्वागत किया और आरती उतारी। शोभायात्रा में पीले वस्त्र पहने महिलाएं भजन गाते हुए पालकी के आगे चल रही थीं। वहीं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

सत्य साईं समिति की संचालिका गीतू सूद ने बताया कि साईं बाबा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सनातन धर्मसभा मंदिर में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत भजन-कीर्तन, विशेष भंडारे और श्रद्धालुओं को साईं बाबा का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X