रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:सरकाघाट में एचआरटीसी परिचालक पर नशे में धुत तीन युवकों का हमला – Three Youths, Heavily Intoxicated, Attack An Hrtc Conductor In Sarkaghat

November 28, 2026


बाइक से बस का रास्ता रोककर की महेंद्र सिंह की तलाश

दूसरी बस में ड्यूटी पर मिला तो जमकर पीटा

परिचालक की मशीन तोड़ी, बैग और वर्दी फाड़ी,

कर्मचारी यूनियनों ने दी चक्का जाम और रूट पर बसें न चलाने की चेतावनी

संवाद न्यूज एजेंसी

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के एक परिचालक के साथ ड्यूटी के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में धुत तीन युवकों ने जमणी रूट पर तैनात परिचालक महेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। मारपीट में महेंद्र सिंह को सिर से लेकर पैर तक चोटें आई हैं। आरोपियों ने उनकी टिकटिंग मशीन तोड़ दी, बैग फाड़ दिया और वर्दी भी क्षतिग्रस्त कर दी।

एचआरटीसी अड्डा प्रभारी सुरेंद्र कुमार के अनुसार, बीती वीरवार रात निगम की बस जमणी रूट पर गई थी। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बस को सरकाघाट के लिए रवाना होना था। वारदात से पहले रात करीब 12 बजे आरोपियों ने सरकाघाट बस अड्डा इंचार्ज जगदीश को फोन कर जानकारी ली थी कि महेंद्र सिंह किस बस में ड्यूटी पर तैनात हैं।

इसके बाद शुक्रवार सुबह तीनों युवक बाइक पर पहुंचे। उन्होंने पहले जमणी से रिवालसर जाने वाली बस के आगे बाइक लगाकर उसे रोक लिया। बस में महेंद्र सिंह नहीं मिले तो आरोपियों ने उसे जाने दिया। इसके बाद सरकाघाट आने वाली दूसरी बस में महेंद्र सिंह को देखकर उन्हें नीचे बुलाया और मारपीट शुरू कर दी।

डॉ. गुरदयाल के अनुसार, महेंद्र सिंह के शरीर पर काफी चोटें आई हैं। हालांकि, एक्सरे रिपोर्ट आना अभी बाकी है। आरएम विजय कुमार ने बताया कि परिचालक का मेडिकल करवाया गया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। उधर, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कर्मचारी यूनियनों ने दी चक्का जाम की चेतावनी

ड्राइवर यूनियन सरकाघाट के प्रधान जयकिशन ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा मिलने तक इस रूट पर बसों का संचालन बंद रखा जाएगा। वहीं, परिचालक यूनियन के प्रधान अरुण कुमार ने कहा कि एचआरटीसी कर्मचारियों के साथ इस तरह की बर्बरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X