रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मथुरा

Mathura News:परिक्रमा मार्ग में बिछेगी राजस्थान की भूड़ा मिट्टी – Bhuda Soil From Rajasthan Will Be Spread Along The Parikrama Route

November 24, 2026


राधाकुंड, मथुरा। गिरिराजजी की सप्तकोसीय परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के पैरों में अब कंकड़ नहीं चुभेंगे। परिक्रमा को सुगम बनाने के लिए पूरे मार्ग में राजस्थान की विशेष भूड़ा मिट्टी डलवाई जाएगी।

यह आश्वासन भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मंगलवार को राधाकुंड प्रवास के दौरान संतों और कार्यकर्ताओं को दिया। राधाकुंड स्थित श्रीपीठ आश्रम पहुंचे अरुण सिंह ने गिरिराजजी के दर्शन किए और श्रीपीठ के ज्ञानानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। इस दौरान संतों व भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उन्होंने परिक्रमा मार्ग के सुंदरीकरण और सुविधाओं को लेकर आश्वस्त किया।

अरुण सिंह ने नगला सपेरा के ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर गांव में पीने के पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। जलभराव की समस्या के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष रामफल को समाधान कराने के निर्देश दिए।

इससे पूर्व यमुना एक्सप्रेसवे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राजू यादव, भाजपा नेता प्रदीप गोस्वामी, श्याम सिंघल, चिंताहरण चतुर्वेदी, मलय सिंह राठौर, प्रेम चंद महावर, सूर्यप्रताप सिंह, यतेंद्र फौजदार, पवन चौधरी, पुनीत चतुर्वेदी और देवेंद्र कुमार मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X