Mau News:दिवाली से छठ तक 836 जगहों पर होगी पूजा, मानक से तेज डीजे बजाने वालों पर दर्ज की जाएगी प्राथमिकी – From Diwali To Chhath, Worship Rituals Will Take Place At 836 Locations; An Fir Will Be Registered Against Those Playing Dj Music At Volumes Exceeding The Prescribed Limits
मऊ। दिवाली, लक्ष्मी पूजा, मूर्ति विसर्जन और लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें त्योहारों की तैयारियों का ब्लू-प्रिंट तैयार किया गया। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने कहा कि छठ घाटों और मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। मानक से तेज डीजे बजाया तो सीधे प्राथमिकी होगी। अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार जनपद में कुल 836 स्थानों पर मूर्ति स्थापित कर पूजा होगी।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि त्योहारों का कैलेंडर भी जारी किया गया। जिसमें धनतेरस 6 नवंबर, छोटी दिवाली 7 नवंबर, दिवाली 8 नवंबर, गोवर्धन पूजा 10 नवंबर, भैया दूज 11 नवंबर और डाला छठ 14-15 नवंबर को मनाया जाएगा। बैठक में एडीएम प्रवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रमेश बाबू, डीपीआरओ किरण वर्मा समेत सभी एसडीएम सी, थानाध्यक्ष और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बाजारों में भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक और रूट डायवर्जन की मांग
बैठक में सदस्य मो. फैसल ने कहा कि त्योहार में मिठाई में मिलावट होती है, खाद्य विभाग छापेमारी करे। वहीं पूर्व अध्यक्ष तैयब पालकी ने बाजारों में भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक और रूट डायवर्जन की मांग की। जबकि अरविंद पांडेय ने घोसी के प्रसिद्ध सीता कुंड की सफाई की मांग उठाई। वहीं समाजसेवी भारत लाल राही ने तेज आवाज वाले डीजे से होने वाले हादसों की ओर ध्यान दिलाया।
पंडाल में कैमरे लगाना और वालंटियर तैनात करना अनिवार्य
एसपी ने बताया कि सभी पूजा समितियों को पंडाल में सीसीटीवी लगाना और वालंटियर तैनात करना अनिवार्य होगा। वहीं जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घाटों और पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, लाइट और सुरक्षा पुख्ता हो।
ड्रोन से होगी निगरानी, बनेंगे खोया-पाया सेंटर
भीड़ वाले इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी हो, साथ ही खोया-पाया सेंटर बने। सभी अस्पतालों में डॉक्टर और एंबुलेंस 24 घंटे मौजूद रहें। वहीं पटाखों की बिक्री सिर्फ लाइसेंसी दुकानों पर और मानकों के साथ हो। साथ ही डायल-112 और पुलिस की पेट्रोलिंग लगातार चलती रहे।
