Mau News:निर्धारित समय-सीमा बीतने के बाद भी अधूरी हैं परियोजनाएं – Projects Remain Incomplete Even After The Stipulated Deadline Has Passed
सीएम डैशबोर्ड के तहत सीएमआईएस पोर्टल पर संचालित निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में हुई। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 834 परियोजनाएं संचालित हैं। इनमें से 397 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 437 लंबित हैं। कुछ परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा बीतने के बाद भी अधूरी हैं।
जिलाधिकारी ने राजकीय निर्माण निगम, जल निगम अर्बन, सेतु निगम, प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन, आवास विकास परिषद, सिडको, सीएनडीएस, पीडब्ल्यूडी और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सभी कार्य समय से और गुणवत्तापूर्ण पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा बढ़ाने की जरूरत होने पर शासन से पत्राचार कर पोर्टल पर स्थिति अपडेट की जाए, ताकि जिले की रैंकिंग प्रभावित न हो।
दो दिन में हटाए जाएं बिजली के पोल : सेतु निगम के रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए डीएम ने संबंधित संरचनाओं की सूची तैयार कर संयुक्त टीम के माध्यम से समाधान कराने के निर्देश दिए।
घोसी में पीडब्ल्यूडी की सड़क के निर्माण में विद्युत पोल बाधा बने होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। विद्युत विभाग को भुगतान होने के बावजूद पोल नहीं हटाए जाने पर डीएम ने दो दिन के भीतर इन्हें हटाने का निर्देश दिया।
