Mau News:पिडोहरी क्लस्टर सचिव पर मनमानी का आरोप, ग्राम प्रशासकों ने की स्थानांतरण की मांग – Pidohari Cluster Secretary Accused Of Arbitrariness, Village Administrators Demand Transfer
रतनपुरा। रतनपुरा विकास खंड के पिडोहरी क्लस्टर में कार्यरत सचिव विवेकानंद गुप्ता पर अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन ने मुख्य विकास अधिकारी और मंडलायुक्त को पत्र लिखकर सचिव पर मनमानी तरीके से भुगतान कराने और अपनी करीबी फर्मों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया है।
पिडोहरी की प्रशासक कुसुमलता देवी, ढैंचा के सुभाष राजभर, कोन्हिया के अशोक राजभर, बीबीपुर के सुरेश राजभर का आरोप है कि पिडोहरी क्लस्टर के सभी ग्राम पंचायतों में सचिव विवेकानंद गुप्ता द्वारा मनमानी तरीके से पंचायतों के भुगतान में अपने करीबी फर्मों पर बिल बनाकर बदलकर भुगतान ले लिया गया है। आरोप है कि उन फर्मों द्वारा किए गए कार्य वास्तव में धरातल पर नहीं किए गए हैं, जिससे सभी प्रशासकों पर गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। अखिल भारतीय प्रधान संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष शारदा देवी सहित अन्य प्रशासकों ने मांग की है कि पिडोहरी क्लस्टर के सचिव विवेकानंद गुप्ता का स्थानांतरण अन्यत्र किया जाए और उनके द्वारा किए गए भुगतान की जांच कराई जाए। साथ ही, आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रशासकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिलाधिकारी से मिलकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस बाबत बीडीओ अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि इस मामले के संबंध में लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
