Mau News:बूथ कैप्चरिंग और चुनावी हिंसा वाले केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर – Administration Keeping A Close Watch On Polling Stations Prone To Booth Capturing And Election-related Violence
मऊ। डीएम आनंद वर्द्धन और एसपी सर्वेश कुमार मिश्र की संयुक्त अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस लाइन परिसर विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें मैपिंग के लिए प्रारूप वीएम-1 के संबंध में सेक्टर अधिकारियों को संवेदनशील मतदान स्थलों की पहचान और मैपिंग का प्रशिक्षण दिया गया। डीएम ने संबोधित करते हुए कहा बूथ कैप्चरिंग और चुनावी हिंसा वाले केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर, सभी सेक्टर अधिकारी स्थलीय सत्यापन के बाद इन केंद्रों की रिपोर्ट तैयार करें।
चुनाव को सकुशल, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना सभी कि जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ करें। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव और प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का समान अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए संवेदनशील बस्तियों और मतदाताओं की पहचान निर्धारित मानकों के अनुसार की जाए।
सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने आवंटित क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र और उसके कैचमेंट क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, स्थानीय परिस्थितियों और संवेदनशील क्षेत्रों की पूरी जानकारी प्राप्त करें। मतदान केंद्रों की वास्तविक स्थिति और रूट मैप का स्थलीय सत्यापन करते हुए वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, मतदाता जागरूकता गतिविधियों, मतदान दलों, निर्वाचन सामग्री और सुरक्षा बलों की उपलब्धता के संबंध में भी आवश्यक जानकारी एकत्रित करें।
साथ ही आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए अभी से प्रभावी तैयारियां प्रारंभ करें। सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें और स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों व संबंधित व्यक्तियों से संपर्क स्थापित कर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें।
