Mau News:1.83 लाख बच्चों ने पी पोलियो रोधी खुराक, आज घर-घर पहुंचेगी टीम – 1.83 Lakh Children Received The Anti-polio Dose; Teams Will Visit Homes Today
मऊ। जिला महिला चिकित्सालय में रविवार सुबह जैसे ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार राय ने एक मासूम को पोलियो की दो बूंद पिलाई, पूरे जनपद में पल्स पोलियो अभियान का शंखनाद हो गया। इसके साथ ही शाही कटरा मैदान मऊ सिटी से भी अभियान की शुरुआत की गई। बूथों पर सुबह से ही अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचने लगे। रविवार को बूथों पर एक लाख 83 हजार 540 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। जो बच्चे छूट गए हैं उन्हें घर-घर जाकर टीम पोलियो रोधी खुराक पिलाएगी।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता और जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस रणजीत ने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है। एक भी बच्चा छूटा तो अभियान अधूरा रह जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. कंचन, एएनएम पुष्पा, एएनएम माया, स्टाफ नर्स, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री और अन्य चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
3.22 लाख बच्चों का लक्ष्य, 1331 बूथों पर व्यवस्था
मऊ।नोडल अधिकारी डॉक्टर संजय गुप्ता ने बताया कि इस बार के अभियान में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा लक्ष्य रखा है। जनपद में 0 से 5 वर्ष तक के 3,22,805 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए पूरे जिले में 1331 बूथ बनाए गए हैं। 3,54,314 घरों तक पहुंचने के लिए 590 हाउस टू हाउस टीमें लगाई गई हैं। इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजारों में 12 ट्रांजिट टीमें तैनात की गई हैं। पूरे अभियान की निगरानी के लिए 220 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। बताया कि रविवार को बूथ दिवस मनाया गया। जो बच्चे बूथ पर नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें सोमवार से घर-घर जाकर टीम खुराक पिलाएगी।
सीएमओ डॉक्टर पंकज राय ने बताया कि पोलियो एक वायरस जनित गंभीर बीमारी है, जो बच्चों को जीवनभर के लिए अपंग बना सकती है। यह बीमारी दूषित पानी और भोजन से फैलती है। इससे बचाव का एकमात्र उपाय समय पर पोलियो की खुराक है। सरकार की ओर से यह खुराक पूरी तरह निःशुल्क दी जाती है। इसलिए हर माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वह अपने बच्चे को इस सुरक्षा कवच से वंचित न रखे।
