Meerut News:पति समेत छह लोगों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट की प्राथमिकी – Fir Registered Against Six People, Including The Husband, For Dowry Harassment And Assault
दौराला। कैली गांव निवासी विवाहिता निधि शर्मा ने पति समेत छह ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता ने पति, सास-ससुर, देवर और ननद पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
निधि शर्मा ने दौराला थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उसकी शादी 12 मार्च 2018 को सरूरपुर थाना क्षेत्र के पांचली बुजुर्ग गांव निवासी अमित शर्मा के साथ हुई थी। शादी में मायके वालों ने करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद पति और ससुराल वाले दहेज में कार और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा।
पीड़िता के अनुसार, 20 जून की रात पति के घर से बाहर जाने पर देवर उसके कमरे में घुस आया और मारपीट करने लगा। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया और धमकी दी। पुलिस ने पति अमित, ससुर पप्पू उर्फ रामपाल, सास ब्रिजेश, देवर सुमित, नितिन, ननद प्रीति के खिलाफ पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि दोनों में परिवार परामर्श केंद्र पर काउंसिलिंग कराकर समस्या का निस्तारण कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अमित काउंसिलिंग में नहीं पहुंचा। अधिकारियों के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
