Meerut News:प्रेम प्रसंग में हुई रोहित की हत्या में शामिल एक और आरोपी पकड़ा – Another Accused Arrested In Connection With Rohit’s Murder, Which Stemmed From A Romantic Affair
– दिल्ली अपने मामा के घर छिपकर रह रहा था, अभी तक पांच आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के गांव सिंधावली निवासी रोहित (21) की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित चल रहे पांचवें आरोपी सुजल को बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, रोहित हत्या में शामिल नाबालिग की बहन से बात करता था। इसी बात को लेकर युवती के परिजन उससे नाराज थे। इसी रंजिश में रोहित की आरोपियों ने एक नवंबर को हत्या कर शव गंगनहर में फेंक दिया था।
गांव सिंधावली निवासी नंदकिशोर ने पांच नवंबर को अपने बेटे रोहित की गुमशुदगी कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने रोहित की तलाश शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली गई। जांच में युवती से प्रेम प्रसंग और उसके चलते उपजी रंजिश का मामला सामने आया। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने एक नवंबर को रोहित को फोन कर भोला की झाल के पास बुलाया था। यहां आरोपियों ने युवक की हत्या कर उसका शव गंगनहर में फेंक दिया गया था।
इसके बाद नंदकिशोर की तहरीर पर पुलिस ने हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और साक्ष्य मिटाने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। परिजनों ने एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति से न्याय की गुहार लगाई थी। पुलिस ने 17 नवंबर को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया था। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
– शव नहीं हुआ बरामद
सीओ दौराला ने बताया कि रोहित के शव की तलाश के लिए लगातार गंग नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस के अलावा एसडीआरएफ व पीएसी की टीम गंगनहर में शव की तलाश कर रही है। पुलिस शव की तलाश में मुरादनगर नहर तक जांच कर रही है।
