संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। सोशल मीडिया पर पड़री पुलिस पर गांजा तस्कर के आरोपी घर से रुपये लेने का आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल हुआ। एसपी अर्पणा रजत कौशिक ने मामले की जांच कराई तो पता चला कि गांजा तस्कर के घर दबिश के दौरान मिले रुपये गिनने का वीडियो था। पुलिस ने बताया कि रुपये गिनने के बाद उन्हें वापस कर दिया गया था। हालांकि, वीडियो बनाने और उसे गैर-जिम्मेदाराना तरीके से साझा करने के मामले में एसपी ने दोनों आरक्षियों हिमांकु मिश्रा और सुधीर कुमार को निलंबित कर दिया। दोनों पड़री थाने में तैनात थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ, इसमें पुलिसकर्मियों पर गांजा तस्कर से रुपये लेने का आरोप लगाया गया था। जांच में पता चला कि मिट्ठू प्रसाद नाम के व्यक्ति के खिलाफ गांजा बेचने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से उसकी दुकान और घर की तलाशी लेने के बाद पूछताछ की। इसी दौरान दो लाख रुपये मिले थे। एसपी ने बताया कि प्रक्रिया के दौरान पुलिस पर रुपये लेने का आरोप न लगे, इसलिए एक पुलिसकर्मी ने सबके सामने इन रुपयों की गिनती की। दूसरे पुलिसकर्मी ने वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद पूरी रकम मिट्ठू प्रसाद और उसके परिवार को वापस कर दी गई। इसकी पुष्टि मिठू प्रसाद ने अपने वीडियो बयान में भी की है।
इसके बाद मिट्ठू प्रसाद को विस्तृत पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। इस संबंध में थाने में पूछताछ के बाद तस्करी की प्राथमिकी दर्ज की गई। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वीडियो लापरवाहीपूर्वक बनवाने और गैर-जिम्मेदाराना तरीके से साझा करने की बात सामने आई। वीडियो को संपूर्ण संदर्भ के बिना प्रसारित किए जाने से पुलिस की छवि धूमिल हुई। मामले की प्रारंभिक जांच अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह को सौंपी गई है।