Moradabad News:ट्रक पलटने से सैकड़ों मुर्गों की मौत, तीन लोग घायल – Hundreds Of Chickens Die As Truck Overturns; Three People Injured
कुंदरकी (मुरादाबाद)। मुरादाबाद-आगरा हाईवे स्थित भीकनपुर कुलवाड़ा गांव के पास रविवार की सुबह ई-रिक्शा को बचाने के चक्कर में मुर्गों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सैकड़ों मुर्गों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा से 2500 मुर्गे आयशर ट्रक में लादकर इटावा जिले के बगरेन ले जाया जा रहा था। रविवार सुबह कुंदरकी के भीकनपुर कुलवाड़ा गांव के पास पहुंचने पर अचानक सामने से आए ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में सैकड़ों मुर्गों की मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे के दौरान यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन से ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे में मुर्गों की मौत से करीब चार लाख से अधिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेज दिया है। साथ ही क्षतिग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
