Moradabad News:शहर के भीतर आए बिना दिल्ली रोड से रिंग रोड तक पहुंचेंगे वाहन – Vehicles Will Be Able To Reach The Ring Road From Delhi Road Without Entering The City
मुरादाबाद। दिल्ली रोड से कांठ रोड और रिंग रोड की ओर जाने वाले वाहनों को अब शहर के व्यस्त अंदरूनी रास्तों से होकर गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण दिल्ली रोड के जीरो प्वाइंट से शिवालिक योजना होते हुए रिंग रोड तक नया सिक्सलेन मार्ग विकसित करने जा रहा है। करीब 120 करोड़ रुपये की इस परियोजना का डिजाइन फाइनल हो चुका है। अब निर्माण एजेंसी के चयन के लिए टेंडर जारी करने की तैयारी है। प्राधिकरण का लक्ष्य नए साल में निर्माण शुरू कराने का है।
करीब 3.50 किलोमीटर लंबा यह मार्ग केवल एक नई सड़क नहीं, बल्कि शहर की अलग-अलग आवासीय योजनाओं को जोड़ने वाला नया संपर्क कॉरिडोर होगा। इसकी मदद से दिल्ली रोड से आने वाले वाहन सीधे रिंग रोड तक पहुंच सकेंगे।
इससे मझोला, पुराने एनएच-24 और गांगन तिराहे के आसपास मौजूदा रास्तों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। रामपुर और बरेली की ओर जाने वाले वाहन भी रिंग रोड के जरिए आगे का रास्ता पकड़ सकेंगे। परियोजना के तहत 60 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इसमें दोनों दिशाओं में तीन-तीन लेन होंगे। बीच में आठ मीटर की ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। इसके अलावा डिवाइडर पर प्रकाश व्यवस्था, सर्विस लेन और पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनाए जाएंगे।
एमडीए वीसी अनुभव सिंह ने बताया कि सड़क का डिजाइन भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) के मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। इस मार्ग की अहम कड़ी गांगन नदी पर प्रस्तावित पुल भी होगा। पुल के जरिये सड़क को हर्बल पार्क और शिवालिक योजना की ओर आगे बढ़ाया जाएगा। इससे नया मुरादाबाद और आवास विकास की बुद्धि विहार योजना को भी बेहतर संपर्क मिलेगा। एमडीए ने सड़क निर्माण के लिए किसानों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। अब टेंडर के जरिये निर्माण एजेंसी का चयन किया जाना है। एजेंसी तय होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
