शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

Muzaffarnagar News:आगे चले राना, पीछे विवाद…25 साल में हुई 22 एफआईआर – Rana Moves Ahead, Controversy Follows… 22 Firs In 25 Years

November 19, 2026


मुजफ्फरनगर। पूर्व विधायक शाहनवाज राना का विवादों से पुराना नाता है। पिछले ढाई दशक में उनके खिलाफ 22 प्राथमिकी दर्ज हुई। इनमें जीएसटी टीम पर हमला, गैंगरेप, गैंगस्टर जैसे गंभीर मामले भी दर्ज किए गए। अधिकतर मामलों में साक्ष्यों के अभाव में वह बरी हो गए। लखनऊ की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने उनके आवास पर रेड कर अहम दस्तावेज कब्जे में लिए थे। राना हाउस से एक करोड़ रुपये की नकदी भी बरामद की गई थी।

75 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फंसे पूर्व विधायक पर फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के जरिये करीब 27 करोड़ रुपये की कर चोरी का भी आरोप है। इस मामले को लेकर गत 24 अगस्त को लखनऊ से पहुंची ईडी की टीम ने मेरठ रोड स्थित राना हाउस पर रेड की थी। जिसके बाद पूर्व विधायक को ईडी की ओर से पूछताछ के लिए समन भी जारी किए गए थे।

—–

इस तरह बढ़ती चली गई शाहनवाज की मुसीबत

– पांच दिसंबर 2024 को जीएसटी टीम पर हमले में दर्ज प्राथमिकी।

– आठ दिसंबर 2024 को 27 करोड़ की जीएसटी चोरी में प्राथमिकी।

– 25 मई 2025 को जेल में मोबाइल मिलने पर दर्ज हुई प्राथमिकी।

– 14 अप्रैल 2025 को गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी।

– सात अगस्त 2025 को गैंगस्टर एक्ट में 5.39 करोड़ की संपत्ति चिह्नित।

– 14 अगस्त 2025 को हाईकोर्ट से गैंगस्टर मामले में मिली जमानत।

– छह नवंबर 2025 में बेटे अब्दुल अहद की गिरफ्तारी।

– 24 अगस्त 2026 को ईडी ने मारा था राना हाउस पर छापा।

——–

नौ महीने जेल में रहे, भेजा गया था चित्रकूट

मुजफ्फरनगर जेल में 25 मार्च की रात तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध रूप से मोबाइल बरामद हुआ था। इस मामले में जेल अधीक्षक को धमकाने और जेल नियमों के उल्लंघन के आरोप में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुआ। इसके बाद पांच अप्रैल 2025 को शासन के आदेश पर उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच मुजफ्फरनगर से चित्रकूट जेल की हाई-सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट कर दिया गया था। हाईकोर्ट से जमानत के बाद वह चित्रकूट से रिहा हुए थे।

————

खुद रहे विधायक, पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष

सियासत में भी शाहनवाज राना का नाम खूब चमका। वर्ष 2007 में वह बसपा के टिकट पर बिजनौर से विधायक चुने गए थे। राना की पत्नी इंतखाब राना जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी है। मीरापुर के उपचुनाव में वह आसपा से टिकट के दावेदार थे। जेल में सिम पहुंचाने के मामले में राना के समधी बिजनौर की बढ़ापुर सीट के पूर्व विधायक मोहम्मद गाजी पर भी प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

———

जीएसटी के इस मामले में फंस गए थे राना

सहायक आयुक्त राज्य कर खंड आठ प्रद्युम्न चौधरी ने पिछले साल नौ दिसंबर को सिविल लाइन थाने में सर्व जंबूदीप एक्सपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर पूर्व विधायक के बेटे शाह आजम राना के अलावा कामरान राना, जिया अब्बास जैदी और तौसीफ कुरैशी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वादी का कहना था कि जंबूदीप एक्सपोर्ट एंड इंपोर्ट लिमिटेड के जीएसटी नंबर के विरुद्ध प्राप्त इनपुट के आधार पर कंपनी की जांच 2018-19 में राज्य कर विशेष अनुसंधान शाखा ने की थी। कंपनी की ओर से जो प्रपत्र प्रस्तुत किए गए, उनमें फर्जी कागजात मिले। राना को पहले जीएसटी टीम पर हुए हमले का आरोपी बनाया गया था।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X