शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:टाइगर रिजर्व बनाने की योजना एनओसी में अटकी, तीन साल में 38 प्रतिशत वन्यजीव कम – Plan To Establish A Tiger Reserve Stalled Due To Pending Noc; Wildlife Population Drops By 38 Percent In Three Years

November 19, 2026


सहारनपुर। शिवालिक के वन क्षेत्र को टाइगर रिजर्व बनाने की योजना एनओसी के फेर में अटकी हुई है। राजस्व विभाग और वन गुर्जर समेत स्थानीय ग्रामीणों से अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं मिलने के कारण प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पाया, जिसके कारण वन्य जीवों को विस्तार नहीं मिल पा रहा है। उधर, शिवालिक वन प्रभाग की गणना में तीन साल के भीतर वन्यजीवों की संख्या में 38.3 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है। ऐसे में टाइगर रिजर्व का प्रस्ताव लटकने से वन्यजीव संरक्षण की योजना भी इंतजार में है।

शिवालिक के जंगलों को उत्तराखंड के राजाजी नेशनल पार्क की तर्ज पर विकसित कर टाइगर रिजर्व बनाने की योजना लंबे समय से विचाराधीन है। करीब 33,220 हेक्टेयर में फैले इस वन क्षेत्र को संरक्षित करने और वन्यजीवों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्ताव तैयार किया गया था। उत्तर प्रदेश में वर्तमान में दुधवा, पीलीभीत, रानीपुर और अमानगढ़ चार टाइगर रिजर्व हैं। शिवालिक को प्रदेश का पांचवां टाइगर रिजर्व बनाने की कार्य योजना है, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते यह कार्य योजना परवान नहीं चढ़ पाई। तत्कालीन मंडल आयुक्त संजय कुमार की पहल पर कार्य योजना पर सर्वे हुआ। इसके बाद प्रस्ताव की राह में सबसे बड़ी बाधा राजस्व विभाग और वन गुर्जर समेत स्थानीय ग्रामीणों से एनओसी नहीं मिलना रहा। जिससे इतने बड़े वन क्षेत्र को टाइगर रिजर्व का दर्जा देने की योजना लंबे समय से लंबित है।

———–

वन्यजीवों की संख्या में गिरावट

वन विभाग के द्वारा पिछले तीन वर्षों में बड़कला, शाकुंभरी और मोहंड रेंज की कुल 24 बीटों में कराई गई गणना में वन्यजीवों में गुलदार तेंदुआ 29 जो 21 मिले हैं। चीतल 333 थे जो 244 मिले। वहीं जंगली बिल्ली, बिज्जू, घुरल सियार, नीलगाय , काकड़, जंगली सूकर, सांभर आदि में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। वहीं लंगूर, बंदर आदि में 25 से 30 प्रतिशत तक की कमी आई है। कुल वन्यजीवों में तीन साल के भीतर 38.3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

———

चार राज्यों की सीमा से जुड़ा होने के कारण महत्वपूर्ण

शिवालिक वन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति भी टाइगर रिजर्व को महत्वपूर्ण बनाती है। यह उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा की सीमाओं से जुड़ा है। मोहंड रेंज के जंगल उत्तराखंड के देहरादून और राजाजी नेशनल पार्क के वन क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। वन्यजीवों की आवाजाही भी इन जंगलों के बीच होती रहती है। ऐसे में इस क्षेत्र को टाइगर रिजर्व के रूप में विकसित करना वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

—————

यह बोले अधिकारी

शिवालिक वन प्रभाग के डीएफओ विपुल सिंघल ने बताया कि वन्यजीव जंगलों में लगातार विचरण करते रहते हैं। तेंदुआ, चीतल समेत कई प्रजातियों के वन्यजीव एक स्थान से दूसरे स्थान पर चले जाते हैं। पहले शिवालिक में चौसिंघा नहीं थे, लेकिन अब वह भी 13 मिले हैं। ऐसे में गणना के दौरान उनकी संख्या कम मिल सकती है। इसका अर्थ यह नहीं है कि उनका शिकार हुआ है। शिकार की कोई घटना सामने नहीं आई है। टाइगर रिजर्व के लिए बड़कला-शाकुंभरी फायरिंग रेंज एवं एनओसी के कारण प्रस्ताव लंबित है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X