Muzaffarnagar News:धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़, देर रात तक जमकर हुई खरीदारी – Crowds Thronged The Markets On Dhanteras; Heavy Shopping Continued Until Late At Night
मुजफ्फरनगर। धनतेरस पर शुक्रवार को शहर के बाजारों में खरीदारी का उत्साह चरम पर रहा। सुबह से देर रात तक बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे। घरों को सजाने के लिए सजावटी सामान, शुभ शगुन के लिए झाड़ू, चांदी के सिक्के, सोने के आभूषण और बर्तनों की जमकर खरीदारी हुई। बाजारों में महिलाओं के साथ पुरुषों और बच्चों की भी खूब चहल-पहल रही। सुबह राहुकाल के कारण खरीदारी की रफ्तार कुछ धीमी रही, लेकिन दोपहर बाद बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ती चली गई।
शहर के भगत सिंह रोड पर लगे पटरी बाजार में सबसे अधिक रौनक रही। दीये, बंदनवार, कंदील, झूमर और घर सजाने के आकर्षक सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। नई मंडी, गांधी कॉलोनी, रुड़की रोड, झांसी रानी, शिव चौक, गांधीनगर, आनंदपुरी और कृष्णापुरी सहित शहर के प्रमुख बाजारों और कॉलोनियों में भी देर रात तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा।
महिलाओं को भायी गोल्डन चम्मच और एंटीक डिनर सेट
धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के कारण बर्तन बाजार में महिलाओं की विशेष भीड़ रही। महिलाओं ने रसोई की जरूरतों के साथ नए डिजाइन और आकर्षक लुक वाले बर्तन पसंद किए। नई मंडी के दुकानदार अरविंद गोयल ने बताया कि धनतेरस पर घर के लिए नया बर्तन खरीदने की परंपरा है। इस बार गोल्डन चम्मच के सेट की अच्छी मांग रही। इसके अलावा एंटीक डिनर सेट, गिलास सेट और सिरेमिक के बर्तन भी ग्राहकों को पसंद आए।
चांदी के सिक्कों के साथ हल्की ज्वेलरी की मांग
सराफा बाजार में शगुन के लिए चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं और नोट की मांग रही। महिलाओं ने कम वजन के आभूषणों को प्राथमिकता दी। भगत सिंह रोड के सराफा व्यापारी प्रतीक ने बताया कि सोने की कीमतों को देखते हुए कम वजन में भारी लुक वाली ज्वेलरी तैयार कराई गई थी। कंगन, अंगूठी, पेंडेंट चेन और इयररिंग महिलाओं की पसंद में शामिल रहे।

मुजफ्फरनगर के भगतसिंह रोड़ पर लगी दुकान पर सजावट के सामानों की खरीदारी करती युवतियां। संवाद– फोटो : Archive

मुजफ्फरनगर के भगतसिंह रोड़ पर लगी दुकान पर सजावट के सामानों की खरीदारी करती युवतियां। संवाद– फोटो : Archive
