Muzaffarnagar News:नियमित ट्रेनों पर दबाव कम, चंडीगढ़-पूर्णिया के बीच शुरू हुई स्पेशल ट्रेन – Pressure On Regular Trains Eased; Special Train Introduced Between Chandigarh And Purnia
सहारनपुर। त्योहारों पर घर जाने के लिए ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ चल रही है। नियमित ट्रेनों में दबाव कम करने के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जिनका शनिवार से संचालन शुरू हो गया है। यह दोनों सहारनपुर से निकलेंगी। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को काफी राहत मिल सकेंगी।
इन दिनों पंजाब, हरियाणा से पूर्वांचल, बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ है। यात्रियों को ट्रेनों के कोच में सीट पाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही। हाल यह है कि जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। इसी के चलते रेल प्रशासन स्पेशल ट्रेनें चला रहा है।
अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि ट्रेन नंबर 04516 चंडीगढ़-पटना आरक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन शनिवार को चंडीगढ़ से रात 11:35 बजे रवाना की गई। यह ट्रेन अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, सुल्तानपुर, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर और आरा सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुककर अगले दिन शाम को 7:15 बजे पहुंचेगी।
10 नवंबर तक संचालन होगा। वापसी में 04515 पटना- चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन पटना से आठ नवंबर को रात 11:15 बजे शुरू होगी। यह ट्रेन 11 नवंबर तक चलेगी। 04514 चंडीगढ़-पूर्णिया स्पेशल ट्रेन भी शनिवार से शुरू हो गई है। यह ट्रेन चंडीगढ़ से रात 10 बजे रवाना हुई जो अंबाला, यमुनानगर, सहारनपुर पहुंचेगी।
तीसरे दिन सुबह 3:50 बजे पूर्णिया जाएगी। इसका संचालन 11 नवंबर तक होगा। 04513 पूर्णिया-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन नौ नवंबर को पूर्णिया से सुबह 6:50 बजे प्रस्थान करेगी।
