Noida News:एयरपोर्ट के नामकरण पर कांग्रेस-भाजपा में जुबानी जंग – War Of Words Between Congress And Bjp Over The Naming Of An Airport
जेवर विधायक बोले-राजनीतिक बयानबाजी के बजाय किसानों के त्याग और क्षेत्र के विकास को देखें
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश की टिप्पणी पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने पलटवार करते हुए उन्हें जेवर आने और एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों से संवाद करने का न्योता दिया है।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने मंगलवार को वीडियो जारी करते हुए कहा कहा कि वर्षों से प्रतीक्षित एयरपोर्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में धरातल पर उतरा है। किसानों ने आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन परियोजना को समर्पित की है। ऐसे में इसे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का विषय बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का व्यावसायिक संचालन शुरू हुए अभी कुछ महीने ही हुए हैं। शुरुआती पांच महीनों के आधार पर इतनी बड़ी परियोजना की सफलता का आकलन करना न्यायसंगत नहीं है।
