Panchkula News:करतारपुर कॉरिडोर खोलने के लिए कांग्रेस ने मोदी को लिखा पत्र – Congress Writes To Modi Seeking Opening Of Kartarpur Corridor
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर कूटनीतिक पहल करने का किया आग्रह
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने और अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत-पाकिस्तान के बीच व्यापार बहाल करने की मांग की है। लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि ये दोनों मुद्दे पंजाब के लिए धार्मिक, भावनात्मक और आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण हैं। केंद्र सरकार को इस दिशा में जल्द जरूरी कदम उठाने चाहिए।
परगट सिंह ने पत्र में कहा कि श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर सिख समुदाय की गहरी धार्मिक आस्था से जुड़ा है। कॉरिडोर बंद होने से श्रद्धालु ऐतिहासिक गुरुद्वारा दरबार साहिब के दर्शन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान के साथ कूटनीतिक स्तर पर बातचीत शुरू करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के साथ कॉरिडोर खोलने की संभावनाएं तलाशने का आग्रह किया।
अटारी-वाघा सीमा से व्यापार बहाल करने की मांग उठाते हुए उन्होंने कहा कि सीमा पार कारोबार बंद होने से व्यापारियों, किसानों, ट्रांसपोर्टरों और मजदूरों की आजीविका प्रभावित हुई है। खासकर सीमावर्ती जिलों में आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है लेकिन पंजाब के धार्मिक और आर्थिक हितों को भी उचित महत्व दिया जाना चाहिए।
