Panchkula News:दमदमा गांव में पानी के लिए महिलाओं का फूट पड़ा गुस्सा – Womenanger Erupts Over Water In Damdama Village
पिंजौर। गांव दमदमा में पेयजल संकट से परेशान दो दर्जन से अधिक महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने ईशर नगर मेन बाजार स्थित भोगपुर-दमदमा टी-पॉइंट के पास धरना देकर संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई।
धरने पर बैठीं सुमित्रा देवी, सुनीता, भागो देवी और देवो देवी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि गांव में लंबे समय से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे घरों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। मजबूरी में परिवारों को निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। एक टैंकर के लिए करीब 500 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
