शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पानीपत

Panipat News:स्कूली बच्चों के विवाद में लाठी डंडों से हमला, 14 पर प्राथमिकी – Attack With Sticks And Clubs Following A Dispute Among School Children; Fir Registered Against 14 Individuals

November 5, 2026


संवाद न्यूज एजेंसीसनौली (पानीपत)। बापौली गांव में स्कूली बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे परिवार के घर के बाहर बैठे परिजनों पर लाठी-डंडों और गंडासियों से हमला कर दिया। घटना में दो महिलाओं समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बापौली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बापौली निवासी अंकुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दो भतीजे गांव के एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। उसी स्कूल में दूसरे पक्ष के रामकिशन और सुभाष के चार बेटे भी पढ़ते हैं।

अंकुर का आरोप है कि उसके भतीजों की स्कूल के अन्य छात्रों से दोस्ती को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोग रंजिश रखने लगे।

घर के बाहर बैठे परिवार पर किया हमला : अंकुर के अनुसार, वह अपने भाई टिक्कू, पिता लख्मीचंद और मां शीला के साथ घर के बाहर गली में बैठा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कई लोग वहां पहुंचे और लाठी-डंडों व गंडासियों से हमला कर दिया। हमले में वह और उसके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। सभी को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बापौली थाना प्रभारी फतेह सिंह ने बताया कि दोनों परिवारों के बच्चे एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। स्कूल में हुई कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है। अंकुर की शिकायत पर महिलाओं समेत 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्कूल में 10वीं के छात्र पर हमला

इसराना। कस्बे के एक निजी स्कूल में बुधवार को लंच टाइम के दौरान छात्रों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि इस दौरान 10वीं कक्षा के छात्र मनीष पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। घायल छात्र को परिजनों ने जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। इसराना निवासी गुलाब जागलान ने बताया कि उनके भतीजे मनीष को कुछ समय से दूसरे पक्ष के छात्र धमकियां दे रहे थे। बुधवार को लंच टाइम के दौरान स्कूल के शौचालय में गाली-गलौज और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि सहपाठी और उसके एक अन्य साथी ने मनीष पर हमला कर दिया। इससे उसके सिर और शरीर पर चोटें आईं। सूचना मिलने पर परिजन स्कूल पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। स्कूल संचालक ने बताया कि लंच टाइम में शौचालय में छात्रों के बीच झगड़े की जानकारी मिली थी। थाना इसराना प्रभारी हरिराम ने बताया कि दोनों के परिजनों से बातचीत की गई। पुलिस जांच के आधार पर कार्रवाई करेगी। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X