Patiala News:पराली की आग से बिगड़ी पंजाब की हवा, खन्ना का एक्यूआई 256 – Stubble Burning Worsens Air Quality In Punjab; Aqi In Khanna Reaches 256
एक दिन में पराली जलाने के 584 मामले, फिरोजपुर 112 घटनाओं के साथ सबसे आगे
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में तेजी के साथ वायु प्रदूषण भी बढ़ने लगा है। तीन नवंबर को राज्य में पराली जलाने के 584 सक्रिय मामले सामने आए, जो पिछले साल इसी दिन दर्ज 256 मामलों से 128 प्रतिशत अधिक हैं। वहीं खन्ना का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 256 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। जालंधर में एक्यूआई 181, पटियाला में 191, मंडी गोबिंदगढ़ में 151 और लुधियाना में 150 रहा। इन शहरों की हवा यलो जोन में दर्ज की गई।
जिला स्तर पर फिरोजपुर में सबसे अधिक 112 मामले सामने आए। बठिंडा में 80, संगरूर में 78, तरनतारन में 56, बरनाला में 48, पटियाला में 39, मालेरकोटला और लुधियाना में 19-19 तथा फाजिल्का में 18 घटनाएं दर्ज की गईं।
हालांकि, 15 सितंबर से तीन नवंबर तक इस सीजन में पराली जलाने की कुल 2196 घटनाएं दर्ज हुई हैं। पिछले साल इसी अवधि में 2518 और 2024 में 4132 मामले सामने आए थे। तरनतारन 545 मामलों के साथ सबसे आगे है। फिरोजपुर में 305, अमृतसर में 198, संगरूर में 154 और बठिंडा में 148 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
डॉक्टरों ने खराब हवा को देखते हुए सांस और हृदय रोगियों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्हें बाहर अधिक समय बिताने से बचना चाहिए।
636 मामलों में 32.05 लाख का जुर्माना
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, पराली जलाने के 2196 मामलों में 701 खेतों में आग लगाने की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने 1487 खेतों का निरीक्षण किया है। 636 मामलों में 32.05 लाख रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया, जिसमें से 20.60 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं। वहीं 494 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई और 527 किसानों की जमीन के रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है। 16 नोडल और पर्यवेक्षण अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन कार्रवाई शुरू की गई है, जबकि 609 अधिकारियों को चेतावनी या कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
