Patiala News:हरियाणा के ध्यानार्थ – पंजाब-हरियाणा पुलिस ने बनाई संयुक्त रणनीति, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी पेट्रोलिंग – Punjab-haryana Police Have Made A Joint Strategy, Patrolling Will Increase In Border Areas
नशा तस्करों और अपराधियों पर कसेंगे शिकंजा, भगोड़ों और वांछित अपराधियों पर भी रहेगी नजर
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को पटियाला रेंज के डीआईजी कुलदीप सिंह चहल की अध्यक्षता में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक हुई। इसमें पंजाब और हरियाणा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में दोनों राज्यों के बीच आपसी तालमेल मजबूत करने पर सहमति बनी। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की रणनीति तैयार की गई। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए संयुक्त योजना भी बनाई गई।
डीआईजी चहल ने हरियाणा के पुलिस अधिकारियों को असामाजिक तत्वों की सूचनाएं साझा करने के निर्देश दिए। नशा तस्करी, अवैध शराब और अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ मिलकर अभियान चलेगा। फरार और वांछित अपराधियों पर विशेष नजर रखने का फैसला हुआ।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में पटियाला के एसएसपी हरमनदीप सिंह हांस उपस्थित रहे। संगरूर की एसएसपी डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल भी मौजूद थीं। अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत और फतेहाबाद की एसपी निकिता खट्टर शामिल हुए। जींद की एसपी उपासना और कैथल के एसपी मनप्रीत सिंह सूडान भी उपस्थित थे। संगरूर के एसपी (एच) सुखमृत सिंह रंधावा और पिहोवा के डीएसपी रणधीर सिंह भी मौजूद रहे।
