Pauri News:28 वर्षीय महिला के नौ प्रसव, सरकारी निगरानी पर उठे सवाल – 28-year-old Woman Has Given Birth Nine Times; Questions Raised Over Government Oversight
मां का स्वास्थ्य बिगड़ा, बच्चों को सरकारी पोषाहार नहीं मिल रहा
डीएम ने संयुक्त टीम को मामले की जांच सौंपी
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। कल्जीखाल ब्लॉक के एक गांव में 28 वर्षीय महिला के नौ प्रसव का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महिला ने आठ बच्चों को घर पर ही बिना किसी चिकित्सकीय सहायता के जन्म दिए। इस घटना ने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और बाल संरक्षण से जुड़े विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीएमओ डॉ. मेघना असवाल के अनुसार, बीते अक्तूबर में महिला के नौवें प्रसव की जानकारी मिली थी। पति के विरोध के कारण स्वास्थ्य विभाग को महिला की जांच में परेशानी हुई थी। प्रशासन और पुलिस के सहयोग से महिला का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। नौवां प्रसव उच्च जोखिम होने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती की सलाह दी गई। हालांकि, 22 अक्तूबर को 108 सेवा से सीएचसी घंडियाल ले जाते समय रास्ते में ही प्रसव हो गया। जच्चा-बच्चा को बाद में अस्पताल में सुरक्षित रखा गया। सीएचसी घंडियाल की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मीनाक्षी वर्मा ने महिला की सेहत पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि लगातार गर्भधारण से महिला में खून और पोषक तत्वों की कमी तथा हड्डियों की कमजोरी का खतरा है। वह मानसिक तनाव से भी गुजर रही है। महिला के पांच बेटे और चार बेटियां हैं, लेकिन टीम को घर पर छह बच्चे मिले थे। आधार कार्ड नहीं होने से उसे जननी सुरक्षा और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ नहीं मिल रहा। बच्चों को भी पोषाहार नहीं मिल रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने संयुक्त टीम को जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य, सरकारी योजनाओं की स्थिति और दो बच्चों के घर पर नहीं होने समेत सभी पहलुओं की जांच कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
