Pauri News:राठ क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर स्थगित करने पर भड़के कांग्रेसी – Congress Members Express Outrage Over The Postponement Of A Health Camp In The Rath Region
सीईओ दफ्तर का घेराव किया, खंड शिक्षा अधिकारी के निलंबन की उठाई मांग
राजनीतिक दबाव के कारण शिविर स्थगित करने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। बीते रविवार को राठ क्षेत्र स्थित राइंका तिरपालीसैंण में प्रस्तावित स्वास्थ्य शिविर को राजनीतिक दबाव के कारण स्थगित करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा विभाग में प्रदर्शन कर मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी थलीसैंण के खिलाफ प्रदर्शन किया और खंड शिक्षा अधिकारी के निलंबन की मांग उठाई।
सोमवार कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष विनोद नेगी और प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली की अगुवाई में शिक्षा विभाग कार्यालय पहुंचे और परिसर में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने सीईओ दफ्तर का घेराव किया। विभाग में अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर कांग्रेस ने कड़ी निंदा की। कहा कि हफ्ते के पहले दिन ही विभाग में कोई जिम्मेदारी अधिकारी भी नहीं बैठा है। प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली ने बताया कि बीते रविवार को जिला पंचायत सदस्य नौड़ी सीमा पंत चमोली और रोटरी क्लब के सहयोग से राइंका तिरपालीसैंण में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर प्रस्तावित था जिसमें श्रीनगर से 40 चिकित्सकों के साथ ही करीब आठ लाख रुपये की दवाएं निशुल्क बांटी जानी थी। शिविर के लिए प्रशासन और विभाग ने अनुमति भी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिविर सेठीक पहले राजनीतिक दबाव के कारण अनुमति निरस्त कर दी गई। उन्होंने शिविर स्थगित करने वाले का नाम सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई। इस मौके पर प्रमोद मंद्रवाल, मोहित सिंह, अनूप सिंह, गौरव सागर, आयुष आदि मौजूद रहे।
