रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागेश्वर

Bageshwar News:पिनाथ महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी पर चढ़ाया महाभोग – ‘mahabhog’ Offered At Pinath Mahadev Temple On Vaikuntha Chaturdashi

November 24, 2026


सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। पिनाथ (पिनाकेश्वर) महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी पर बले गांव और मठ के ग्रामीणों ने भगवान भोलेनाथ को पारंपरिक महाभोग अर्पित किया। इस दौरान ग्रामीण ढोल-नगाड़ों और निशान के साथ धार्मिक यात्रा निकालकर मंदिर पहुंचे।

धान की फसल की कटाई और खेती का काम पूरा होने के बाद महाभोग चढ़ाने की यह परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है। बैकुंठ चतुर्दशी पर शाम करीब चार बजे कांटली के पुजारी किशोर कांडपाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाभोग अर्पित किया। इसके बाद ग्रामीणों ने नए चावल, दाल और पारंपरिक अनाज से तैयार भंडारे का आयोजन किया।

रात 12 बजे ग्रामीणों ने दमाऊ, नगाड़े और निशान के साथ भगवान के दर्शन कर भेंट चढ़ाई और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान बटुक भैरव और काल भैरव की विशेष पूजा भी की गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शंकर भंडारी के नेतृत्व में ग्रामीण यात्रा में शामिल हुए।

दीपक लेकर रातभर तपस्या करती हैं महिलाएं

पिनाथ महादेव मंदिर में संतान प्राप्ति और मनोकामना पूरी होने से जुड़ी विशेष मान्यता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार मनोकामना पूरी होने पर महिलाएं हाथ में जलता दीपक लेकर रातभर खड़े रहकर तपस्या करती हैं। सुबह मंदिर में विशेष भोग अर्पित किया जाता है। मंदिर के महंत श्री 108 नरेंद्र गिरी महिलाओं को दीपक देकर पूजा की विधि और परंपरा की जानकारी देते हैं। मंदिर में हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर दो दिवसीय मेला भी लगता है। इसमें छानी, ल्वेशाल, जीतब, शैल, गुरुड़ा और बले सहित आसपास के गांवों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, महाभोग की परंपरा उनकी धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X