Pilibhit News:मेडिकल कॉलेज में रोज हो रहीं एनईडीएल की 117 में से 107 जांचें – 107 Out Of 117 Nedl Tests Are Being Conducted Daily At The Medical College
पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत ने जांच सुविधाओं के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां राष्ट्रीय आवश्यक निदान सूची (एनईडीएल) में शामिल 117 में से 107 तरह की जांचें मरीजों को रोजाना मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। संस्थान के उपलब्ध तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार, यह संख्या प्रदेश के सभी 75 जिलों में सर्वाधिक है। इसलिए जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
खास बात यह है कि मेडिकल कॉलेज में सामान्य जांचों के साथ हार्टअटैक, हार्ट फेल्योर, गुर्दे की बीमारी, कैंसर और गंभीर संक्रामक रोगों की पहचान से जुड़ी कई महंगी जांचें भी मुफ्त की जा रही हैं। इन जांचों के लिए निजी लैब में मरीजों को हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। मेडिकल कॉलेज में ट्रोपोनिन-आई, सीके-एमबी, एनटी-प्रोबीएनपी, माइक्रोएल्ब्यूमिन और माइक्रोप्रोटीन जैसी हृदय एवं गुर्दे से संबंधित जांचें उपलब्ध हैं। इसके अलावा फैक्टर-8, पीटी/आईएनआर, एपीटीटी, बोन मैरो बायोप्सी, एफएनएसी और पैप स्मियर जैसी जांचें भी मुफ्त की जा रही हैं।
संक्रामक बीमारियों की पहचान के लिए हेपेटाइटिस-बी और सी वायरल लोड, डेंगू एनएस-1 एवं आईजीएम, चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पायरोसिस की एलिसा जांच के साथ बैक्टीरियल कल्चर और एंटीमाइक्रोबियल सेंसिटिविटी टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध है।
शेष 10 जांचें शुरू करने का लक्ष्य
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अमित कुमार ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य मरीजों को उपचार के साथ समय पर और सटीक जांच की सुविधा देना है। एनईडीएल की 117 में से 107 जांचें रोजाना मुफ्त उपलब्ध होना संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसका श्रेय पैथोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री और माइक्रोबायोलॉजी विभागों के चिकित्सकों, विभागाध्यक्षों, तकनीकी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को जाता है।
उन्होंने बताया कि शेष 10 जांच सुविधाओं को भी विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मरीजों को और बेहतर एवं आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
