रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पीलीभीत

Pilibhit News:राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट तैनात करने की अपील, 1950 हेल्पलाइन का होगा प्रचार – Political Parties Urged To Deploy Booth-level Agents; 1950 Helpline To Be Promoted

November 26, 2026


पीलीभीत। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर बुधवार को गांधी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा गया। साथ ही अब तक प्राप्त फाॅर्म-6, 7 और 8 की जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 से 24 नवंबर तक जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में फार्म-6 के कुल 11,916 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 5,282 पुरुष और 6,634 महिला आवेदक शामिल हैं। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 2,668 युवाओं ने भी मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है। उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर है। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फाॅर्म-6 भर सकते हैं। नाम हटवाने के लिए फाॅर्म-7 और संशोधन के लिए 8 जमा किया जा सकता है।

बैठक में बताया गया कि राजनीतिक दलों की ओर से अभी तक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है। प्रतिनिधियों से सभी 1,662 मतदेय स्थलों पर बीएलए तैनात कर सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। बीएलए को संबंधित बूथ के बीएलओ के साथ बैठक कर मतदाता सूची की खामियां दूर कराने में सहयोग करना होगा। जिले में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा। वहीं, 1950 हेल्पलाइन का प्रचार-प्रसार कर लोगों की शिकायतें सीधे जिलाधिकारी तक पहुंचाने और उनकी शंकाओं का समाधान कराने के निर्देश दिए गए।

——

तहसील परिसर में वोट डालने का दिया जा रहा प्रशिक्षण

बीसलपुर। तहसील परिसर में बुधवार से लोगों को ईवीएम से वोट डालने का प्रशिक्षण दिया जाना शुरू हो गया है। तहसीलदार संतोष राम यादव ने बताया कि इस कार्य का नायब तहसीलदार शिवा वर्मा को प्रभारी बनाया गया है। इस पटल पर राजस्व विभाग के भारत सिंह, निशांत कुमार और निसार अहमद आदि कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इस पटल पर सुरक्षा के वास्ते एक पुलिस कर्मी को भी तैनात किया गया है। प्रशिक्षण कार्य सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक दिया जाएगा। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X