Pithoragarh News:मुख्य बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रविवार शाम तक रहेगी – The Ban On The Entry Of Heavy Vehicles Into The Main Market Will Remain In Effect Until Sunday Evening
टनकपुर(चंपावत)। छोटी दिवाली पर्व के साथ ही सुबह से ही मुख्य बाजार में गहमागहमी होते ही प्रशासन की ओर से रात तक भारी वाहनों पर रोक शुरू हो गई। रविवार को भी सुबह से शाम तक गहमागहमी को देखते हुए यह व्यवस्था रहेगी। इस बीच गांधी मैदान में आतिशबाजी की दुकान और मुख्य बाजार में अस्थायी दुकानों में पूजा सामग्री की दिन भर जमकर खरीदारी से व्यापारियों के चेहरे खिले रहे।
प्रति वर्ष मुख्य बाजार में पालिका की ओर से अस्थाई दुकानों को लगवाया जाता है। इसके लिए पालिका की ओर से विभिन्न व्यवस्थाएं की जाती हैं। पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार ने दिवाली बाजार का जायजा लिया और कर्मियों को बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए। इस बीच एसडीएम प्रमोद कुमार ने गांधी मैदान का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि 55 आतिशबाजी की दुकानों को लाइसेंस निर्गत किए गए हैं। आतिशबाजी के व्यापारी विनय, रितिक ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में अनार, फुलझड़ी महंगी गई है। इस बीच सुबह से ही बाजार में खरीदारी से व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। पुलिस, फायर वाहन समेत अन्य आवश्यक व्यवस्था की गई है। मुख्य बाजार में अधिक गहमागहमी पर पुलिस प्रशासन को दिन में भारी वाहनों के डायवर्जन के लिए प्लान पर कार्य के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं सुबह से ही बाजार में यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात रही। बस स्टेशन रोड पर जाम का झाम भी रुक-रुक कर होता रहा। शाम होते होते गहमागहमी और बढ़ना जारी रहा।
टनकपुर का बाजार तिरंगा रोशनी से रोशन, गुलजार
टनकपुर(चंपावत)। पालिका प्रशासन की ओर से दिवाली पर शुक्रवार की रात से ही नगर के मुख्य बाजार और प्रमुख चौराहे तिरंगा रोशनी से रोशन किए गए। इसमें पीलीभीत चुंगी से मुख्य बाजार, शास्त्री चौक से पानी की टंकी आदि रोशन रहे जबकि तीन गेट भी पालिका की ओर से लगाए गए हैं। पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि पूरी दिवाली नगर रोशन रहेगा। सफाई और प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है।
