रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Planet X2: नेपच्यून के पार छुपा है पृथ्वी जैसा एक और ग्रह! प्लैनेट नाइन से कितना अलग?
नॉलेज

Planet X2: नेपच्यून के पार छुपा है पृथ्वी जैसा एक और ग्रह! प्लैनेट नाइन से कितना अलग?

November 25, 2026


होमताजा खबरनॉलेज

नेपच्यून के पार छुपा है पृथ्वी से 2 गुना बड़ा ग्रह, प्लैनेट नाइन से कितना अलग?

Last Updated:

Planet X2 Beyond Neptune: एस्ट्रोनॉमर्स को नेपच्यून के पार एक छिपे ग्रह के नए संकेत मिले हैं. इसे ‘प्लैनेट एक्स2’ नाम दिया गया है. नए कंप्यूटर सिमुलेशन के मुताबिक, यह पृथ्वी जैसा पथरीला ग्रह हो सकता है. इसका वजन पृथ्वी से करीब 1.5 से 2 गुना होने का अनुमान है. यह ग्रह सूरज से 200 से 500 एस्ट्रोनॉमिकल यूनिट दूर चक्कर लगा सकता है. वेरा सी. रुबिन ऑब्जर्वेटरी जल्द इसकी जांच करेगी.

नेपच्यून के पार छुपा है पृथ्वी से 2 गुना बड़ा ग्रह, प्लैनेट नाइन से कितना अलग?Zoom

शायद कुछ ऐसा दिखता होगा प्लैनेट X2 (Image Credit : Patryk Sofia Lykawka/SpaceEngine)

Planet X2: हमारे सौरमंडल के आखिरी छोर पर नेपच्यून के पार एक अनदेखा ग्रह छुपा हो सकता है. वैज्ञानिकों ने इसे ‘प्लैनेट एक्स2’ या ‘पीएक्स2’ नाम दिया है. ‘मंथली नोटिसेस ऑफ द रॉयल एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी’ जर्नल में छपे नए रिसर्च पेपर में यह दावा किया गया है. कंप्यूटर सिमुलेशन बताते हैं कि यह ग्रह पृथ्वी जैसा पथरीला हो सकता है. इसका द्रव्यमान पृथ्वी के मुकाबले करीब 1.5 से 2 गुना होने का अनुमान है. सूरज से इसकी दूरी पृथ्वी के मुकाबले सैकड़ों गुना अधिक है. वैज्ञानिकों ने सौरमंडल के 4.5 अरब साल के इतिहास का सिमुलेशन कर यह नतीजा निकाला है. उनका मानना है कि यह ग्रह सूरज से करीब 200 से 500 एस्ट्रोनॉमिकल यूनिट दूर चक्कर लगाता है. जापान की किंडई यूनिवर्सिटी और ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न क्वींसलैंड के रिसर्चर्स ने यह स्टडी की है.

नेपच्यून के पार बर्फीले पिंडों की अजीब चाल का राज क्या है?

वैज्ञानिक लंबे समय से मान रहे हैं कि नेपच्यून के बाहर कोई और ग्रह मौजूद है. वहां मौजूद कई बर्फीले पिंडों का ऑर्बिट बेहद अजीब है. इनमें से ज्यादातर पिंड एजवर्थ-कुइपर बेल्ट में पाए जाते हैं. ये पिंड सूरज से 38 से 50 एस्ट्रोनॉमिकल यूनिट दूर चक्कर लगाते हैं. एक एस्ट्रोनॉमिकल यूनिट पृथ्वी और सूरज के बीच की दूरी के बराबर होता है. इन पिंडों के रास्ते काफी झुके हुए और लंबे हैं. ज्ञात ग्रहों का गुरुत्वाकर्षण इस बदलाव की वजह नहीं समझा पाता. सेडना नाम का पिंड इसका सबसे दिलचस्प उदाहरण है. इसका बेहद लंबा ऑर्बिट इसे ज्ञात ग्रहों के दायरे से बहुत दूर ले जाता है.

यह नया ग्रह ‘प्लैनेट नाइन’ की पुरानी थ्योरी से कितना अलग है?

इस संभावित ग्रह को कई नाम दिए जा चुके हैं. इसे पहले प्लैनेट एक्स, प्लैनेट नाइन या प्लैनेट नेक्स्ट कहा गया. कुछ जगहों पर इसे प्लैनेट टेन, प्लैनेट वाई और टाइके नाम से भी जाना गया. गैर-वैज्ञानिक और पौराणिक कहानियों में दिलचस्पी रखने वाले लोग इसे निबिरू या नेमेसिस जैसे नाम देते हैं. निबिरू शब्द प्राचीन बेबीलोनियन कॉस्मोलॉजी से जुड़ा है. हालांकि, नई स्टडी पुरानी प्लैनेट नाइन थ्योरी से अलग तस्वीर पेश करती है. प्लैनेट नाइन थ्योरी में एक बहुत भारी ग्रह की बात कही गई थी. नई टीम ने इसके बजाय पृथ्वी जैसे पथरीले ग्रह का सुझाव दिया है. इसका ऑर्बिट काफी अंडाकार है. यह सूरज के सबसे करीब 200 एस्ट्रोनॉमिकल यूनिट और सबसे दूर 350 से 500 एस्ट्रोनॉमिकल यूनिट तक पहुंचता है.

दशकों की खोज के बाद भी यह ग्रह अब तक क्यों नहीं दिखा?

सौरमंडल के बाहरी हिस्से में किसी ग्रह को खोजना आसान काम नहीं है. ग्रहों के पास अपनी खुद की रोशनी नहीं होती. इस वजह से दूर स्थित ग्रह अंधेरे में आसानी से छिप जाते हैं. इस नई रिसर्च का नेतृत्व जापान की किंडई यूनिवर्सिटी के पैट्रिक सोफिया लिकावका ने किया है. वे ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न क्वींसलैंड में एडजंक्ट प्रोफेसर भी हैं. लिकावका ने कहा, ‘कल्पना कीजिए कि दशकों तक सौरमंडल का नक्शा बनाने के बाद पता चले कि एक और ग्रह हमसे छिपा हुआ था’. उन्होंने आगे कहा, ‘अगर यह ग्रह मौजूद है तो यह सौरमंडल के इतिहास को समझने का हमारा तरीका बदल सकता है’. इससे दूर मौजूद पिंडों के अजीब रास्तों का रहस्य भी सुलझ सकता है.

क्या वेरा सी. रुबिन ऑब्जर्वेटरी इस छिपे ग्रह को खोज पाएगी?

टीम ने 4.5 अरब साल के सिमुलेशन में सौरमंडल के बनने से लेकर बड़े ग्रहों के अपनी जगह बदलने तक के दौर को ट्रैक किया. अब वैज्ञानिक इस अनुमान को असली सबूतों पर परखने की तैयारी में हैं. इसके लिए वेरा सी. रुबिन ऑब्जर्वेटरी के लिगेसी सर्वे ऑफ स्पेस एंड टाइम से बड़ी उम्मीदें हैं. यह सर्वे आसमान की गहराई से जांच कर नए ग्रह की तलाश में मदद करेगा. यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न क्वींसलैंड के को-ऑथर जॉन्टी हॉर्नर इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साहित हैं. हॉर्नर ने कहा, ‘सबसे रोमांचक बात यह है कि अब हमारे पास इस आइडिया को परखने का मौका है’. उन्होंने कहा, ‘रुबिन ऑब्जर्वेटरी के सर्वे से हमें नए सुराग मिलेंगे – जिससे पता चलेगा कि क्या वहां कोई और ग्रह खोजे जाने का इंतजार कर रहा है’.

authorimg
दीपक वर्माDeputy News Editor

दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…

और पढ़ें

img

खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव

QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

QR Code

login

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X