Pratapgarh News:कार की टक्कर से टेंपो के उड़े परखचे, 12 घायल – Tempo Mangled In Collision With Car; 12 Injured
महेशगंज के हीरागंज बाजार में मंगलवार को तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक समेत 12 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखचे उड़ गए। कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
रूमतीपुर निवासी टेंपो चालक सुनील कुमार निर्मल (30) पुत्र फतेहलाल हीरागंज बाजार से सवारियां लेकर जलेसरगंज जा रहा था। लक्ष्मीगंज-हीरागंज रजबहा के पास वह टेंपो किनारे खड़ाकर सवारियां बैठा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टेंपो में टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सीएचसी महेशगंज व सीएचसी कुंडा पहुंचाया। सूचना पर महेशगंज पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को सीएचसी महेशगंज और कुंडा भेजा गया। रामकिशोर समेत कई घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बताया गया कि नीलम अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल ताजपुर से मायके भैरोपुर जा रही थीं।
ये हुए घायल
घायलों में नीलम पाल (30) पत्नी दिनेश पाल, उनके पुत्र अभय (9) व वैभव (5), निवासी ताजपुर कुंडा, रामकिशोर पटेल (68) पुत्र बुधन पटेल निवासी भैरोपुर, अंजू (50) पत्नी अजय तिवारी, मयंक (32), सौरभ (30) पुत्र अजय तिवारी निवासी जगापुर, आशा (40) पत्नी संतोष और प्रिया (16) पुत्री संतोष निवासी तेजई का पुरवा, महेशगंज शामिल हैं। इसके साथ दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
