Pratapgarh News:जगतपुर पीएचसी में ताला, मायूस होकर लौटे मरीज – Jagatpur Phc Locked; Patients Return Disappointed
जिले के 62 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में 1270 मरीजों का इलाज किया गया। कैथौला पीएचसी पर मरीजों के जगह भेड़े दिखाई पड़े तो जगतपुर पीएचसी के मुख्यद्वार पर तय समय से पहले ही ताला लटकने लगा। मरीजों ने बताया कि पौने तीन बजे ताला लगने से उन्हें निराश लौटना पड़ा।
जबकि आरोग्य मेला का समय सुबह दस से शाम चार बजे तक है। वहीं आरोग्य मेला के नोडल डॉ. राजेश कुमार ने गोतनी और नई बाजार पीएचसी का निरीक्षण किए। किसी प्रकार की खामिया नहीं मिली।
पीएचसी जगतपुर : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर में लगे दोपहर पौने तीन बजे तक 29 मरीजों का इलाज किया गया। यहां तैनात फार्मासिस्ट और एलटी अवकाश पर थे। डॉ. आफताब ने बताया कि जरूरी कार्य के चलते समय से पहले चले गए। वहीं इलाज कराने पहुंचे नौडेरा निवासी ललित कुमार ने बताया कि वे बुखार से पीड़ित हैं। इलाज कराने आए तो पीएचसी के मुख्यद्वार पर ताला लटक रहा है।
पीएचसी रानीगंज कैथौला : पीएचसी में तैनात डॉ. वान्या चौधरी समय से आरोग्य मेला में पहुंच गई। दोपहर 12 बजे तक पांच मरीजों का इलाज करके बैठी थी। मेले में मरीज तो नहीं दिखे मगर भेड़े जरूर दिखाई पड़ीं। डॉ. वान्या ने बताया कि बाउंड्री टूटी हुई है। इसलिए भेड़े, बकरी और भैंस लेकर लोग आ जाते हैं। सीएमओ से शिकायत की गई है। फार्मासिस्ट न होने के कारण परेशान होना पड़ता है।
पीएचसी मंगापुर : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोपहर के 2.50 बजे डॉक्टर और फार्मासिस्ट का कक्ष खाली था। मुख्यद्वार खुला हुआ था। मंगापुर निवासी तेज बहादुर ने बताया कि करीब 15 मिनट से डॉक्टर के आने का इंतजार कर रहे हैं, मगर कोई कर्मचारी नहीं आया। पीएचसी के प्रभारी देवेशचंद्रा ने बताया कि मेले में फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं है। होम्योपैथ और आयुर्वेदिक चिकित्सक अब नहीं आते हैं। खाना खाने चला गया था। 20 मिनट के अंदर वापस आ गया।
वर्जन
समय से पहले जिस आरोग्य मेला के डॉक्टर और कर्मचारी घर चले गए हैं उनको कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। सही जवाब न देने पर कार्रवाई के लिए सीएमओ को पत्र लिखा जाएगा। रविवार को किसी भी डॉक्टर और कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाता है। –
डॉ. राजेश कुमार, डिप्टी सीएमओ।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर सुवंसा में बंद ताला। संवाद
