Pratapgarh News:बारिश और दिवाली पर बंद हुए ग्रीनफील्ड बाईपास के काम ने पकड़ी रफ्तार – Work On The Greenfield Bypass, Which Had Stalled Due To Rain And Diwali, Has Now Gained Momentum
लालगंज के वर्मा नगर से चिरकुट्टी तक 52 किमी बाईपास का काम बारिश और दिवाली के बाद फिर से शुरू हो गया है। 600 करोड़ रुपये से बनाए जाने वाले बाईपास के लिए समतलीकरण के कार्य के साथ ही जगह-जगह पुल भी बनाए जा रहे हैं।
जल्द ही पोल शिफ्टिंग का कार्य भी शुरू होगा। इसके तैयार होने के बाद जिले में वाराणसी- लखनऊ राजमार्ग पर स्थित बाजारों में जाम की समस्या खत्म होगी। जून 2026 में शुरू हुए काम को जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वर्मा नगर से चिरकुट्टी ग्रीन फील्ड बाईपास जनपद के करीब 47 गांव से होकर गुजरेगा। करीब दो साल पहले सड़क परिवहन राज्य मंत्रालय ने इसकी मंजूरी दी थी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से काम कराया जा रहा है।
बाईपास के लिए जमीन अधिगृहीत कर किसानों को 270 करोड़ रुपये मुआवजा दिया गया। वहीं, रानीगंज के संसारपुर व कोट का पुरवा गांव में समतलीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। रानीगंज में चिरकुट्टी के पास भी समतलीकरण के लिए मिट्टी गिराई जा रही है। दो अंडरपास भी बनाए जा रहे हैं।
47 गांवों से गुजरेगा बाईपास
– लालगंज तहसील के 24 गांव।
– सदर तहसील के 12 गांव।
– रानीगंज तहसील के 11 गांव।
हाईवे के इन बाजारों में नहीं लगेगा जाम
बाईपास बनने से चिरकुट्टी, रानीगंज, पृथ्वीगंज, मोहनगंज, अजगरा, सगरा, लालगंज में जाम की समस्या से राहत मिलेगी। वर्तमान में इन बाजारों में आए दिन जाम से लोगों को घंटों जूझना पड़ता है।
बाईपास के कार्य में तेजी आई है। समतलीकरण के साथ ही अंडरपास आदि कार्य किए जा रहे है। कार्य की निगरानी के लिए टीम को लगाया गया है। – विकल्प कुमार, सहायक अभियंता, एनएचएआई रायबरेली
