Prayagraj News:सदर से सपा के विधायक इंद्रजीत सरोज पर जानलेवा हमले का आरोप, एफआईआर दर्ज – Allegation Of A Life-threatening Attack On Sp Mla From Sadar Indrajit Saroj Fir Registered
म्योहर गांव के पास शनिवार शाम मंझनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बीरेंद्र सरोज फौजी की गाड़ी रोककर हंगामा और मारपीट की गई। अध्यक्ष ने सदर से सपा विधायक इंद्रजीत सरोज समेत कई लोगों पर जानलेवा हमला करने और उनके सरकारी गनर से मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
बीरेंद्र सरोज फौजी शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे अपने निजी वाहन से मंझनपुर से प्रयागराज जा रहे थे। आरोप है कि म्योहर गांव के पास सदर विधायक इंद्रजीत सरोज, वेदपाल, शादाब, शिवपूजन यादव और सैकड़ों समर्थकों ने उनकी गाड़ी घेर ली। इस दौरान भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे सरकारी गनर के साथ भी मारपीट का आरोप है। अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।
सीओ सदर सौरभ सामंत ने बताया कि सदर विधायक इंद्रजीत सरोज और अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष बीरेंद्र सरोज फौजी ने विधायक और उनके समर्थकों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की है। सीओ सदर ने कहा कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सदर विधायक इंद्रजीत सरोज ने कहा कि पालिका अध्यक्ष ने जो भी आरोप लगाए हैं, वे बेबुनियाद हैं। भाजपाई शासन-सत्ता के दबाव में फंसाने का षड्यंत्र रच रहे हैं।
