Rampur News:सड़क पर गिरे युवक को डंपर ने कुचला, मौके पर मौत – Youth Who Fell On The Road Run Over By A Dumper; Dies On The Spotyouth Who Fell On The Road Run Over By A Dumper; Dies On The Spot
रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में स्टार चौराहे के पास बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर गिरे युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक टेंपो में सवार था। टेंपो चालक के अचानक कट मारने से वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद डंपर और टेंपो चालक दोनों वाहन लेकर भाग गए।
हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शी बादाम सिंह के मुताबिक, टेंपो चालक ने अचानक कट मारा, जिससे उसमें सवार युवक सड़क पर जा गिरा। वह संभल पाता, इससे पहले ही सामने से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। आरोप है कि डंपर चालक ने वाहन रोकने के बजाय युवक के ऊपर से डंपर निकाल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन लेकर भाग निकला। वहीं, टेंपो चालक भी टेंपो लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जानकारी में मृतक की पहचान अजीमनगर थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव निवासी इमरान के रूप में हुई है। पुलिस पहचान की पुष्टि करने के साथ हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
