शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर बुशहर

Rampur Bushahar News:अश्व प्रदर्शनी के दूसरे दिन 150 अश्वों का पंजीकरण, 17 घोड़े बिके – Horse Exhibition On The Occasion Of International Lavi Fair

November 2, 2026


अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य पर अश्व प्रदर्शनी में घोड़ों की खरीद-फरोख्त जारी

. आज तीन दिवसीय अश्व प्रदर्शनी का होगा समापन

संवाद न्यूज एजेंसी

रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में रामपुर के पाटबंगला मैदान में तीन दिवसीय अश्व प्रदर्शनी चल रही है। दूसरे दिन सोमवार को घोड़ों की खरीद-फरोख्त जारी रही। प्रदर्शनी में उत्तराखंड, कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे खरीदारों ने घोड़ों की खरीद की। पहले दिन अश्वों की पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई थी और 83 घोड़ों का पंजीकरण हुआ था। वहीं, सोमवार को दूसरे दिन सुबह 9:00 बजे पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई। दोपहर 1:00 बजे तक 150 घोड़ों का पंजीकरण किया गया। दूसरे दिन 17 घोड़े बिके। इनमें से स्पीति वैली का एक चामुर्थी घोड़ा 82 हजार रुपये में बिका। अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति और पशुपालन विभाग की ओर से अश्व प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी के दूसरे दिन सुबह से ही मैदान में अश्वपालकों का आना शुरू हो गया। प्रदर्शनी के पहले दिन 48 घोड़े बिके थे। पहले दिन स्पीति वैली से पहुंचे चामुर्थी घोड़ों की खरीद-फरोख्त शुरू हो गई थी। पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन विभाग शिमला के उप निदेशक डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि मेला समिति और पशुपालन विभाग की ओर से अश्व प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। विभाग की ओर से अश्वों के लिए चारे और पानी की समुचित व्यवस्था की गई है। 3 नवंबर को सर्वश्रेष्ठ घोड़े का चयन किया जाएगा। इसके अलावा गुब्बारा फोड़, घोड़ों की 800 और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता करवाई जाएगी। समापन पर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप बतौर मुख्य अतिथि मौजूद होंगे। उपायुक्त की ओर से प्रतियोगिताओं के विजेता अश्वपालकों को सम्मानित किया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X