Rampur Bushahar News:दिवाली के दिन रात 8 से 10 बजे तक चला सकेंगे पटाखे – Five Places Designated For Sale Of Crackers In Kotkhai
कोटखाई में पटाखों की बिक्री के लिए पांच स्थान निर्धारित
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। दिवाली के दिन रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे चला सकेंगे। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पर्यावरण प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कोटखाई उपमंडल प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए पांच स्थान निर्धारित किए हैं। इस संबंध में कोटखाई के एसडीएम ने आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार कोटखाई में ओल्ड बस स्टैंड, गुम्मा में यूको बैंक के समीप मैदान, बाघी में रेस्ट हाउस के समीप मैदान, खल्टू नाला में स्टोन क्रशर के समीप और चमैन में अग्निशमन चौकी उबादेश के पास पटाखों की बिक्री की जा सकेगी। प्रशासन ने 7 और 8 नवंबर को पटाखा बाजारों की निगरानी के लिए कार्यकारी मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। कोटखाई ओल्ड बस स्टैंड और गुम्मा मैदान की जिम्मेदारी तहसीलदार कोटखाई उमेश शर्मा को सौंपी गई है। वहीं, बाघी, खल्टू नाला और चमैन में निगरानी का जिम्मा नायब तहसीलदार कलबोग प्रेम चंद संभालेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्व अनुमति के बिना किसी भी अन्य स्थान पर पटाखों की बिक्री नहीं की जा सकेगी। वहीं, सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार 8 नवंबर को रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे चलाने की अनुमति होगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
