Rampur News:अवैध शस्त्र फैक्टरी चलाने के दोनों आरोपियों की जमानत याचिका खारिज – Bail Pleas Of Both Accused In The Illegal Arms Factory Case Rejected
रामपुर। शिवापुरम कॉलोनी स्थित शुगर मिल के खंडहर में अवैध शस्त्र फैक्टरी संचालित करने के मामले में जेल भेजे गए दो आरोपियों की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है।
सिविल लाइंस क्षेत्र में शिवापुरम शुगर मिल के खंडहर में अवैध रूप से शस्त्र बनाए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। मौके से वीर सिंह और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने वहां से बड़ी संख्या में अवैध तमंचे, देसी राइफल, अधबनी राइफल और बंदूक के साथ जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए थे। इसके अलावा शस्त्र बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री भी मिलने का दावा किया गया था। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
जेल में बंद वीर सिंह और बनवारी लाल ने अपने अधिवक्ताओं के माध्यम से जमानत याचिका दाखिल की थी। कोर्ट में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए बरामदगी को गंभीर अपराध से जुड़ा बताया।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कुमार सौरभ ने बताया कि आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध असलहे और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए थे। सुनवाई के बाद कोर्ट ने वीर सिंह और बनवारी लाल की जमानत याचिका खारिज कर दी।
