शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:ट्रेनों में जगह नहीं मिली, घंटों बस का किया इंतजार – Couldn’t Find Space On Trains, Waited For Hours For A Bus

November 8, 2026


रामपुर। दिवाली की खुशियां मनाने के लिए घर पहुंचने की जल्दबाजी में शनिवार को यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रोडवेज डिपो से लेकर रेलवे स्टेशन तक हर तरफ यात्रियों की भीड़ नजर आई। बसों के इंतजार में लोगों को घंटों खड़े रहना पड़ा तो ट्रेनों में जगह पाने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की होती रही। हालात यह रहे कि खचाखच भरी ट्रेनों में सीट मिलना तो दूर, कई यात्रियों को लटककर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा। त्योहार पर घर पहुंचने की चाह में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं।

दिवाली से एक दिन पहले शनिवार सुबह से ही रोडवेज डिपो पर यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दोपहर होते-होते यात्रियों की संख्या और बढ़ गई। दिल्ली, मुरादाबाद, बरेली और आसपास के शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों का दबाव अधिक रहा। बसों के आते ही उनमें पहले चढ़ने की होड़ मच जाती। सीट पाने के लिए यात्री सामान लेकर बसों की ओर दौड़ते दिखाई दिए। कई बसें यात्रियों से पूरी तरह भरकर रवाना हुईं, जबकि पीछे रह गए लोगों को अगली बस का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान डिपो पर परिवार के साथ पहुंचे यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। रेलवे स्टेशन पर भी कुछ ऐसे ही हालात दिखाई दिए। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आने की सूचना मिलते ही यात्रियों की भीड़ एकत्र हो जाती। ट्रेन रुकते ही डिब्बों में चढ़ने और उतरने के लिए अफरातफरी मच जाती। जनरल कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कई यात्री दरवाजों पर लटककर सफर करते नजर आए। वहीं, आरक्षित कोचों में भीड़ बढ़ने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। त्योहार पर घर जाने की जल्दी में लोग जोखिम भरा सफर करने से भी पीछे नहीं हटे। त्योहार पर अपनों के बीच पहुंचने की खुशी यात्रियों के चेहरों पर जरूर दिखी, लेकिन बसों और ट्रेनों में जगह पाने की जद्दोजहद ने उनके सफर को मुश्किल बना दिया। देर शाम तक रोडवेज डिपो और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बनी रही।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X