Rampur News:परिजनों ने पुलिस पर ही लगाया साजिश का आरोप – Family Members Accused The Police Themselves Of A Conspiracy
बिलासपुर (रामपुर)। सीआरपीएफ कैंप पर हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ खां की हत्या के पांचवें दिन परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई मोहम्मद सईद खां ने पुलिस पर योजनाबद्ध तरीके से हत्या कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश करने का दावा किया है।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी असली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बजाय अपनी भाषा में दूसरी तहरीर लिखवाई गई। उन्होंने थाना प्रभारी मनोज पांडेय और एक सिपाही पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने असली दोषियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश करने की मांग की है। थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि परिजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
सीओ पीपी सिंह ने कहा कि पुलिस की टीमें घटना का खुलासा करने में लगी हैं। जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। दो बाइक सवार शूटर सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं, लेकिन उनके चेहरे ढके होने से पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने 50 से अधिक कैमरे खंगाले, जिनमें से केवल दो में हत्यारों की हल्की झलक मिली। बाइक की नंबर प्लेट भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, बाइक के रूट और संभावित रास्तों की पड़ताल में जुटी है।
बिना फोन के रहता था शरीफ, पुलिस को नहीं हो रहा हजम
करीब एक साल पहले जेल से छूटने के बाद मोहम्मद शरीफ खां अपने परिवार में हंसी-खुशी रह रहे थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह अपने पास फोन नहीं रखते थे और न ही फोन का इस्तेमाल करते थे। यह बात पुलिस को हजम नहीं हो पा रही है। पुलिस का मानना है कि आज के दौर में बिना फोन और बिना इंटरनेट के हर आदमी अधूरा सा लगता है। जानकारियां व दूसरों से नजदीकियां हासिल करने के लिए मोबाइल फोन ही एक विशेष माध्यम साबित हो रहा है।
घटना से पहले क्यों डरे-डरे से थे शरीफ
पुलिस को मृतक के परिजनों ने यह भी बताया था कि घटना से कुछ दिन पहले से मोहम्मद शरीफ खां कुछ डरे-डरे से रह रहे थे। न जाने उन्हें किस बात का डर सता रहा था। वह घर पर खाना भी बहुत कम खा रहे थे। इस पहलू पर भी पुलिस गंभीरता से विचार कर रही है।
हमें इन्साफ चाहिए, बोला परिवार
मृतक शरीफ खां के पुत्र अबू वाइज खां समेत परिवार के सभी सदस्यों का बार-बार यही कहना है कि उन्हें इन्साफ चाहिए। पुलिस घटना को अंजाम देने वाले हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करे और उन्हें इन्साफ दिलाए।
