रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Raw Milk vs Pasteurized Milk: क्‍या उबला हुआ दूध पीने से ज्‍यादा फायदेमंद होता है कच्‍चा दूध? रिसर्च में सामने आई चौंकाने वाली बात
नॉलेज

Raw Milk vs Pasteurized Milk: क्‍या उबला हुआ दूध पीने से ज्‍यादा फायदेमंद होता है कच्‍चा दूध? रिसर्च में सामने आई चौंकाने वाली बात

November 28, 2026


कच्चा दूध सेहत के ल‍िए ज्‍यादा फायदेमंद होता है या दूध को उबालने के बाद ही पीन चाहिए? पुराने जमाने और दादी-नानी की बात करें तो वो हमेशा दूध उबालकर ही इस्‍तेमाल करती थीं. जबकि आज सोशल मीड‍िया पर कई ऐसे इन्फ्लुएंसर हैं, जो कच्चा दूध पीने के कई फायदे बताते हैं. कुछ का दावा है कि यह सामान्य दूध से ज्यादा पौष्टिक होता है, तो कुछ कहते हैं कि इससे एलर्जी और पेट से जुड़ी समस्याएं दूर हो सकती हैं. लेकिन क्या इन दावों में वाकई दम है? ऐसे में विज्ञान इस बारे में क्या कहता है, वो समझना बेहद जरूरी है.

कौनसा कच्‍चा दूध ब‍िना गर्म क‍िए पिया जा सकता है?
स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के मार्गरेट मुरे ‘द कन्‍वरसेशन’ में ल‍िखते हैं कि कच्चा दूध वह होता है जिसे पाश्चुरीकरण की प्रक्रिया से नहीं गुजारा गया हो. यानी गाय, भैंस, बकरी, भेड़, ऊंट या घोड़ी जैसे किसी भी दुधारू पशु से दूध निकालने के बाद उसे बिना गर्म किए सीधे बोतल में भर दिया जाता है. ऑस्ट्रेलिया में स्वास्थ्य संबंधी खतरों को देखते हुए इंसानों के पीने के लिए कच्चा दूध बेचना गैरकानूनी है.

दूध को गर्म करने से क्यों जरूरी बैक्टीरिया मर जाते हैं?
दूध को पाश्चुरीकृत करने की प्रक्रिया 100 साल से भी ज्यादा समय से इस्तेमाल की जा रही है. इसमें दूध को कम से कम 15 सेकंड के लिए 72 डिग्री सेल्सियस तापमान पर गर्म किया जाता है. ऐसा करने से दूध में मौजूद बीमारी फैलाने वाले हानिकारक बैक्टीरिया नष्ट हो जाते हैं. कच्चे दूध में लिस्टेरिया और साल्मोनेला जैसे खतरनाक बैक्टीरिया हो सकते हैं. ये स्वस्थ व्यक्ति को भी गंभीर रूप से बीमार कर सकते हैं. कुछ मामलों में संक्रमण जानलेवा भी हो सकता है.

यही वजह है कि गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को कच्चा दूध ब‍िलकुल नहीं द‍िया जाता, क्‍योंकि उन्हें इससे संक्रमण का खतरा सबसे ज्यादा रहता है. यही वजह है कि स‍िर्फ कच्‍चे दूध ही नहीं, बल्कि उससे बने दूसरे डेयरी उत्पादों से भी बचना चाहिए. ऑस्ट्रेलिया के खाद्य सुरक्षा नियमों के मुताबिक, इंसानों के खाने-पीने के लिए बेचे जाने वाले दूध से बने उत्पादों का पाश्चुरीकरण जरूरी है. इसका मकसद दूध में मौजूद बीमारी फैलाने वाले बैक्टीरिया से लोगों को बचाना है. 2009 में गाय के कच्चे दूध के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों की समीक्षा की गई थी. इसमें पाया गया कि इससे जुड़े जोखिम इतने गंभीर हैं कि दूध को पाश्चुरीकृत करने की अनिवार्यता खत्म करने के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता.

क्या कच्चा दूध सामान्य दूध से ज्यादा पौष्टिक होता है?
सोशल मीडिया पर कच्चे दूध को लेकर सबसे बड़ा दावा यही किया जाता है कि यह सामान्य दूध से ज्यादा पौष्टिक होता है. इन्फ्लुएंसर कहते हैं कि दूध को गर्म करने यानी पाश्चुरीकरण से उसके पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं. इसलिए कच्चा दूध पीना ज्यादा फायदेमंद है. लेकिन वैज्ञानिक शोध इससे अलग दावे करते हैं. पाश्चुरीकरण से दूध में मौजूद प्रोटीन की गुणवत्ता और कैल्शियम जैसे जरूरी मिनरल्स की मात्रा पर कोई खास असर नहीं पड़ता. हां, दूध को गर्म करने से कुछ ऐसे विटामिन की मात्रा थोड़ी कम हो सकती है, जो ज्यादा तापमान के प्रति संवेदनशील होते हैं. लेकिन इससे दूध की कुल पोषण गुणवत्ता पर कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ता. यानी कच्चा दूध सामान्य पाश्चुरीकृत दूध से ज्यादा पौष्टिक है, ऐसा कहने के लिए ठोस वैज्ञानिक सबूत नहीं हैं.

क्या कच्चा दूध पीने से एलर्जी और अस्थमा का खतरा कम होता है?
यह भी दावा क‍िया जाता है कि कच्चा दूध पीने से गाय के दूध से होने वाली एलर्जी और अस्थमा जैसी समस्याओं का खतरा कम हो सकता है. लेकिन अब तक ऐसा कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो कि कच्चा दूध पीने से दूध की एलर्जी या दूसरी एलर्जी संबंधी समस्याओं का खतरा कम हो जाता है.

कुछ रिसर्च में पाया गया है कि खेती-बाड़ी वाले माहौल में बड़े होने वाले बच्चों में एलर्जी और अस्थमा का खतरा कम हो सकता है. लेकिन इसकी वजह सिर्फ कच्चा दूध पीना नहीं है. शोधकर्ताओं के मुताबिक, ऐसे वातावरण में मौजूद कई दूसरे कारक भी बच्चों की इम्यूनिटी और एलर्जी के जोखिम को प्रभावित कर सकते हैं.

लैक्टोज इनटॉलरेंस में भी पचता है कच्‍चा दूध ?
एक दावा यह भी क‍िया जाता है कि कच्चा दूध पीने से लैक्टोज इनटॉलरेंस यानी दूध में मौजूद लैक्टोज को न पचा पाने की समस्या में राहत मिल सकती है. लेकिन शोध में इस दावे को सही नहीं पाया गया है. लैक्टोज दूध में मौजूद एक तरह की प्राकृतिक शुगर है. इसे पचाने के लिए शरीर को लैक्टेज नाम के एंजाइम की जरूरत होती है. जिन लोगों के शरीर में यह एंजाइम जरूरी मात्रा में नहीं बनता, उन्हें दूध पीने के बाद पेट फूलने, गैस, पेट दर्द या दस्त जैसी परेशानियां हो सकती हैं. यानी वो लैक्‍टोज इनटॉलरेंट होते हैं. लेकिन कच्चे दूध में भी पाश्चुरीकृत दूध जितना ही लैक्टोज होता है. र‍िसर्च साबित कर चुके हैं कि इस समस्या से परेशान लोगों के लिए कच्चा दूध कोई समाधान नहीं है.

‘द कन्‍वर्सेशन’ की ये र‍िपोर्ट साफ करती है कि कच्चा दूध पीने से मिलने वाले जिन फायदों का सोशल मीडिया पर दावा किया जाता है, उनके समर्थन में अब तक कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. इसके उलट, इसे पीने से लिस्टेरिया और साल्मोनेला जैसे खतरनाक बैक्टीरिया के संक्रमण का खतरा रहता है. इसके मुकाबले पाश्चुरीकृत दूध पीने के लिए सुरक्षित है. इसमें शरीर के लिए जरूरी प्रोटीन, कैल्शियम और दूसरे पोषक तत्व भी अच्छी मात्रा में मौजूद रहते हैं. इसलिए ज्यादा पोषण पाने या एलर्जी से बचने के नाम पर कच्चा दूध पीना समझदारी भरा फैसला नहीं है.

(इनपुट एजेंसी से भी)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X