रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रेवाड़ी

Rewari News:छात्रा की खुदकुशी मामले में शिक्षक को छह साल व रिटायर्ड प्रिंसिपल को एक साल की कैद – Teacher Sentenced To Six Years In Prison In Student Suicide Case

November 24, 2026


रेवाड़ी। एक विद्यालय में कक्षा में फंदे से लटक कर 12वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा की खुदकुशी करने के मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट, पॉक्सो एक्ट) डॉ. मनपाल रामावत की अदालत ने इतिहास के शिक्षक सुनील कुमार को छह साल के कठोर कारावास और रिटायर्ड प्रिंसिपल स्नेहलता को एक साल की कैद की सजा सुनाई है।

मामले में अदालत ने करीब तीन साल बाद फैसला सुनाया। छात्रा ने 11 अगस्त 2023 को स्कूल की कक्षा में खुदकुशी की थी। इससे पहले उसने इतिहास की जगह राजनीतिक विज्ञान विषय लेने के लिए आवेदन किया था। वह इतिहास शिक्षक सुनील के पास गई थी। इसके बाद वह खाली कक्षा में गई। वहां उसका शव मिला था।

घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में उसने इतिहास के शिक्षक को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था। परिजनों ने टीचर पर यौन उत्पीड़न के आरोप भी लगाए थे।

अदालत ने सुनील कुमार को भारतीय दंड संहिता की धारा 305 के तहत छह साल कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं भरने पर उसे दो महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।

वहीं, पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत एक साल कठोर कारावास और पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना नहीं देने पर एक महीने की अतिरिक्त सजा होगी। दोनों सजाएं साथ चलेंगी, इसलिए टीचर को कुल छह साल जेल में रहना होगा।

रिटायर्ड प्रिंसिपल स्नेहलता को आईपीसी की धारा 201 के तहत एक साल कठोर कारावास और पांच हजार रुपये जुर्माना, धारा 202 के तहत तीन महीने की कैद और पांच हजार रुपये जुर्माना तथा धारा 203 के तहत एक साल की कैद और पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X