Rewari News:बुजुर्गों को वाराणसी की मुफ्त तीर्थ यात्रा कराएगी सरकार – The Government Will Provide Free Pilgrimages To Varanasi For The Elderly
रेवाड़ी। हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को 15 दिसंबर से चार दिवसीय निशुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा करवाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा के लिए पात्र श्रद्धालुओं से आवेदन आमंत्रित करने के लिए पोर्टल खोल दिया गया है।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने पात्र लाभार्थियों से जल्द पंजीकरण करवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इच्छुक श्रद्धालु सरल हरियाणा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा पर जाने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को रेल सफर के दौरान पर्यटक किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी। योजना का लाभ 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग श्रद्धालु उठा सकेंगे।
इसके लिए आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत इससे पहले प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या और महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब की निशुल्क यात्रा करवाई जा चुकी है।
अब वाराणसी यात्रा के माध्यम से पात्र बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा।
