Sonipat News:धान के भाव चढ़े तो मंडी पहुंचे किसान, गोहाना में आवक ने तोड़ा पिछले साल का रिकॉर्ड – Farmers Rushed To The Market As Paddy Prices Rose, Arrivals In Gohana Broke Last Year’s Record
-नई अनाज मंडी में रोजाना पहुंच रहा 45 से 50 हजार क्विंटल धान, अब तक 21 लाख क्विंटल की आवक
-पिछले साल से दो लाख क्विंटल अधिक पहुंची फसल
फोटो :06:
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। धान के भाव में तेजी आने के साथ ही गोहाना की नई अनाज मंडी में फसल की आवक बढ़ गई है। बेहतर भाव मिलने की उम्मीद में किसान घरों में स्टॉक की गई धान की फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। इन दिनों प्रतिदिन 45 से 50 हजार क्विंटल धान पहुंच रहा है। इसके साथ ही इस सीजन में कुल आवक 21 लाख क्विंटल तक पहुंच गई है, जो पिछले साल की तुलना में दो लाख क्विंटल अधिक है।
सप्ताहभर पहले धान के भाव में कुछ गिरावट आने के कारण किसानों ने अपनी फसल रोक ली थी। अब भाव में सुधार होने से किसानों ने स्टॉक की गई फसल मंडी में लानी शुरू कर दी है। फिलहाल मंडी में धान का भाव 5400 से 5900 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहा है। अच्छे भाव मिलने से किसानों में फसल बेचने को लेकर उत्साह है। नई अनाज मंडी में अब तक 21 लाख क्विंटल धान की आवक दर्ज की जा चुकी है, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक करीब 19 लाख क्विंटल धान पहुंचा था। इस तरह इस बार आवक में दो लाख क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। लगातार बढ़ रही आवक से मंडी में कारोबार भी तेज हुआ है और व्यापारी भी उत्साहित हैं।
किसानों की सुविधा के लिए उठान पर जोर
मार्केट कमेटी की सचिव सविता जैन ने बताया कि मंडी में धान की आवक लगातार जारी है। किसानों को फसल उतारने में परेशानी न हो, इसके लिए आढ़तियों को प्रतिदिन फसल का उठान करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे मंडी में खाली जगह उपलब्ध रहेगी और किसानों को अपनी उपज लाने तथा उतारने में सुविधा मिलेगी।
